- Advertisement -
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना (Una) जिला में शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों में आग (Fire) लगने से एक रिहायशी मकान और एक गौशाला जलकर राख हो गई। इस आगजनी में लाखों के नुकसान का अनुमान है। पहला मामला जिला के गगरेट (Gagret) उपमंडल की ग्राम पंचायत संघनेई के अंतर्गत आने वाले गांव काला पंगा में शुक्रवार बाद दोपहर सामने आया। यहां एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस अग्निकांड की जानकारी मिलते ही अग्निशमन कर्मियों ने मौका पर पहुंच कर जलते शोलों पर पानी डाल उन्हें ठंडा किया। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पीडि़त परिवार को दस हजार रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध करवाने के साथ प्रशासन को भी नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को फौरी राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को काला पंगा गांव के दो भाइयों मच्छिंदर सिंह व गुलवंत सिंह के रिहायशी मकान (Residential House) में अचानक आग लग गई। जब तक कोई समझ पाता तब तक आग की लपटें भड़क उठीं। आग ने इतना समय भी नहीं दिया कि घर में रखा घरेलू सामान समेटा जा सके। इस अग्निकांड में घरेलू सामान, बर्तन, अनाज सब आग की भेंट चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन कर्मी अग्निशमन वाहन के साथ मौका पर पहुंचे और आग की लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक अग्निकांड लाखों रुपये की संपत्ति स्वाहा कर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश ठाकुर भी मौका पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम व तहसीलदार (SDM and Tehsildar) को फोन कर इस अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन करने के साथ पीड़ित परिवार को तत्काल फौरी राहत प्रदान करने को कहा जबकि अपनी जेब से दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को उपलब्ध करवाई।
इसी तरह से हरोली क्षेत्र के गांव सलोह में पशुशाला (Cowshed) में आग लगने से डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। आग को दमकल कर्मियों ने बुझाया। यह आग शुक्रवार दोपहर बाद केहर सिंह पुत्र ठाकुर दास की पशुशाला में लगी थी। आग से पशुशाला के अंदर रखा सारा चारा समेत लकड़ी आग की भेंट चढ़ गई। अग्निशमन अधिकारी नितिन धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से पीड़ित का डेढ लाख के करीब नुकसान का अनुमान है।
- Advertisement -