- Advertisement -
पांवटा साहिब। रिक्शा चालक के साथ अपहरण व कुकर्म मामले में चार नहीं बल्कि पांच आरोपी संलिप्त है। लिहाजा पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह वह आरोपी है, जिसने रिक्शा चालक के साथ हुई दरिंदगी व कुकर्म की वीडियो बनाई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनदीप पुत्र गुरनाम सिंह निवासी भूंगरणी उस वक्त वीडियो बना रहा था, जब रिक्शा चालक के साथ कुकर्म और पिटाई हो रही थी। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जिसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब इस मामले में चार की जगह पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
गौरतलब है कि पांवटा साहिब में 9 नवंबर को एक गरीब ई-रिक्शा चालक को अगवा कर उसके साथ मारपीट तथा कुकर्म किए जाने तथा घटना की वीडियोग्राफी किए जाने का मामला सामने आया था, जिसमें सभी आरोपी फरार थे। आज सुबह नाहन के सेशन कोर्ट में बेल रिजेक्ट होने के बाद इस मामले में मुख्य आरोपी परवमिंदर सिंह को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी ने शनिवार को 2 दिन की अग्रिम जमानत सेशन कोर्ट से ली थी, जिसके बाद आज उसे कोर्ट में पेश होना था तथा पुलिस द्वारा भी अपना पक्ष रखा जाना था। बेल रिजेक्ट हो जाने के बाद आज पुलिस द्वारा आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया था, जिसे अब पावंटा साहिब लाकर कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है, जबकि 3 की अब भी तलाश जारी है। उधर, इस मामले में डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया कि रिक्शा चालक मामले में पांचवे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य सभी को भी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- Advertisement -