-
Advertisement
प्रियंका ने बेरोजगारी के मसले पर योगी सरकार को घेरा, फिर Delete किया ट्वीट
Last Updated on February 15, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी (Unemployment) को लेकर सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ हमला बोला। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपना ये ट्वीट डिलीट कर दिया। प्रियंका गांधी ने अपने इस ट्वीट में लिखा था कि सरकार का काम होता है कि नौकरियां दें लेकिन यूपी सरकार (UP Government) हर साल बेरोजगारों को बढ़ाने का काम कर रही है। मंत्री जी ने विधानसभा में जवाब देकर कहा है कि पिछले 2 साल में 12.5 लाख पंजीकृत बेरोजगार बढ़ गए।
उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा था कि अब बीजेपी वालों के नकली दावों को देखिए और उनकी हकीकत देखिए। युवा बहुत परेशान है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी कि तरफ से उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाए जाने के बाद से प्रियंका गांधी सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अपनाती रही हैं। इससे पहले 7 फरवरी को भी प्रियंका गांधी ने किसानों के मुद्दे पर यूपी की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार को घेरा था। प्रियंका गांधी ने कहा था कि बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ हर मोर्चे पर छल किया है। इसीलिए यूपी कांग्रेस कमेटी ने किसान जनजागरण अभियान शुरू किया है। देश का अन्नदाता हमारी प्राथमिकता है। प्रदेश की बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ हर मोर्चे पर छल किया है। आज किसान को फसल का दाम नहीं मिलता। खेती की लागत बढ़ गई है।