- Advertisement -
सुंदरनगर। यहां तरोट के निकट टिप्पर से हुई टक्कर में सैंट्रो कार सवार एक पुलिस कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा पुलिस कर्मी गंभीर रुप से घायल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस में बतौर मुख्य आरक्षी कार्यरत बैहली निवासी महेंद्र सिंह व भडोह निवासी नरेंद्र कुमार होली के दौरान बल्ह में ड्यूटी देने के उपरांत सुंदरनगर स्थित अपने घर को सैंट्रो कार में सवार हो लौट रहे थे। जब वह तरोट के निकट पहुंचे तो वहां सपंर्क मार्ग से एक टिप्पर एकाएक सड़क में आ गया, जिसके साथ सैंट्रो का जोर से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर जांच के उपरांत चिकित्सकों ने महेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि हादसे में नरेंद्र कुमार गंभीर रुप से घायल हो गया है। हादसे की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक मंडी कुलभूषण वर्मा भी अस्पताल पहुंचे तथा उन्होंने हादसे बारे जानकारी ली। उन्होंने बताया पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।
डलहौजी। अमृतसर से यहां पहुंचे पर्यटकों को क्या मालूम था कि डलहौजी में मौत उनका इंतजार कर रही है। यहां एक हादसे में एक अमृतसर निवासी की मौत हो गई है व तीन महिलाओं को तमाम उम्र न भूले जाने वाले जख्म मिले हैं। बता दें कि शहर के कैंट एरिया में कार खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर घायल हैं।
जानकारी के अनुसार अमृतसर से यहां घूमने आए सैलानियों की गाड़ी (पीबी 02 9006) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे, जिसमें तीन महिलाएं व एक पुरुष शामिल था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान कुलभूषण अमृतसर के रूप में हुई है।
- Advertisement -