- Advertisement -
Road accident: ऊना। जिला में एक और हिट एंड रन का मामला पेश आया है। इस बार जान एक 55 साल के व्यक्ति की गई है। बहरहाल, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गगरेट मुख्य मार्ग पर लोअर पंडोगा में एक स्कूटर सवार को टिप्पर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद टिप्पर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। आसपाल के लोगों ने हादसे के बारे में पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बहरहाल हादसे में मरने वाला रमेश चंद (55) पुत्र कांशी राम खड्ड गांव का रहने वाला था, जो सलोह से अपने गांव खड्ड की तरह जा रहा था। अभी वह लोअर पंडोगा के पास पहुंचा ही था कि अज्ञात टिप्पर चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और खुद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की धरपकड़ को प्रयास किए जा रहे हैं। गौर रहे कि सोमवार को भी कुठेड़ा खैरला में अज्ञात वाहन की टक्कर में 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। मृतक युवक की पहचान अभिषेक पुत्र अशोक निवासी नैहरियां के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अंब अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना जबरदस्त था कि मृतक का सिर व शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह से क्षत विक्षित हो गए।
- Advertisement -