- Advertisement -
धर्मशाला/ शिमला। लंबे इंतजार के बाद राहत के रूप में बरसी बारिश अब आम लोगों के लिए आफत का सबब बन गई है। बुधवार से हो रही बारिश और तूफानी हवाओं के चलते जगह-जगह पेड़ गिरे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में 40 घंटे से बिजली और पेयजल की आपूर्ति बाधित है। बिजली पानी की आपूर्ति न होने के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बनोई-घरोह सड़क पेड़ गिरने से 13 घंटे यातायात के लिए बंद रही।
शाहपुर उपमंडल में भी कई स्थानों में पेड़ गिरे हैं और कुछ संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित भी हुआ है। स्थानीय लोग इन बंद पड़ी सड़कों को खोलने में जुट गए हैं। सड़कें बंद होने की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी नौकरी पेशा लोगों और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी है। दो दिन से बिजली नहीं होने के कारण भी कई तरह की दिक्कतें लोगों को उठानी पड़ रही हैं।
गौरतलब है कि करीब तीन महीने से भी अधिक समय के बाद अच्छी बारिश हुई है। यह बारिश किसानों और बागवानों के लिए राहत लेकर आई है। शुष्क ठंड से भी लोगों को इन बारिशों के बाद काफी राहत मिलेगी। उधर, राजधानी शिमला पूरी तरह से ठंड की चपेट में आ गया है। गुरुवार रात से रुक-रुक कर यहां हल्की बारिश हो रही है। बीच-बीच में बर्फ के फाहे भी गिरे हैं। गौर रहे कि ऊपरी इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी होने से यातायात सेवा प्रभावित हुई है। अभी तक किन्नौर और रामपुर के लिए नारकंडा से होकर गुजरने वाली सड़क बंद है।
उधर, रोहड़ू के लिए खड़ापत्थर मार्ग बंद होने के कारण परिवहन निगम की बसें नहीं जा रही हैं और ठियोग-कोटखाई के लिए ही बसें भेजी जा रही हैं। कुफरी और फागू में कुछ स्थानों पर फिसलन है, लेकिन यातायात जारी है। वही, चौपाल के लिए भी मार्ग अवरुद्ध है। चौपाल के प्रवेश द्वार खिड़की में बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। इस बीच, राजधानी में बीती रात तेज हवाओं के साथ तूफान भी चला। इससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। आज सुबह राजधानी में धुंध छाई रही। धुंध छाने से ठंड में और बढ़ोतरी हुई है। ऊपरी शिमला में भी कई इलाकों में बिजली सेवा बाधित हुई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, मौसम विभाग के मुताबिक आज भी कई इलाकों में बारिश होगी और ऊंचाई वाले कुछेक इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में लोगों को अभी कड़क ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है।
- Advertisement -