- Advertisement -
मॉस्को। रूस के छह साल के एक बच्चे ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि उसे ईनाम में एक आलीशान घर भी मिल गया। इस लड़के ने करीब दो घंटे में 3270 पुश-अप्स करके बड़े-बड़े बॉडी बिल्डर्स (Body builders) को चौंका दिया है। इस हैरतअंगेज कारनामे की वजह से अब इब्राहिम ल्यानोव का नाम रशिया (Russia) बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। इतना ही नहीं उसे एक आलीशान घर भी ईनाम के तौर पर मिला है। रूस के नोवी रेदांत में रहने वाले इब्राहिम ल्यानोव ने एक स्थानीय स्पोर्ट्स क्लब का ध्यान अपनी फिटनेस की ओर आकर्षित किया। उसकी फिटनेस से प्रभावित होकर स्पोर्ट्स क्लब ने उसे एक अपार्टमेंट (Apartment) गिफ्ट किया है।
ल्यानोव और उसके पिता क्लब के रेग्यूलर मेंबर हैं और पुश-अप प्रतियोगिता जीतने के लिए उन्हें रोज ट्रेनिंग दी जाती थी। बच्चे के पुश-अप्स का एक वीडियो वायरल (Viral) हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि यह बच्चा लगातार पुश-अप्स कर रहा है, जो फिटनेस एक्सपर्ट के लिए करना आसान नहीं है। हैरान करने वाली बात है कि उस इलाके में सिर्फ ल्यानोव ही नहीं है जिसे इस तरह का महंगा ईनाम मिला हो। वर्ष 2018 में पांच साल के लड़के ने एक बार में 4105 पुश-अप्स करके मर्सिडीज ईनाम में हासिल की थी। उसे कार की चाबी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के करीबी सहयोगी रमजान कादीरोव ने दी थी।
- Advertisement -