-
Advertisement
Corona कर्मवीर को सलामः नवजात बेटे की मौत पर पत्नी को गले तक नहीं लगा पाया हेड कांस्टेबल
नाहन। जिला सिरमौर (Sirmaur) के एक कोरोना योद्धा की ड्यूटी (Duty) के प्रति त्याग की मिसाल के हर तरफ चर्चे हैं। ये कर्मवीर और कोई नहीं बल्कि जिला सिरमौर पुलिस महकमे में हेड कांस्टेबल (Head Constable) हैं। हेड कांस्टेबल अर्जुन अपने नवजात बच्चे की मौत पर ढांढस देने के लिए अपनी पत्नी को गले तक नहीं लगा पाए। नवजात बेटे की मृत्यु होने पर कुछ ही देर के लिए मिट्टी डालने की रस्म निभाने घर पहुंचे और फिर नाहन (Nahan) में ड्यूटी पर लौट गए। हालांकि एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया है। अर्जुन जिला मुख्यालय नाहन में यातायात पुलिस में तैनात हैं।
यह भी पढ़ें: Una: डेढ़ साल के मासूम को छोड़ विवाहिता ने जहर निगल दे दी जान
बता दें कि सिरमौर में नालागढ़ के एक जमाती के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद उसे बद्दी छोड़ने के लिए अर्जुन भी पुलिस टीम के साथ गए थे। गुरुवार को उनकी पत्नी की नाहन मेडिकल कॉलेज में डिलीवरी हुई, लेकिन धकड़न कम होने के चलते बच्चे को बचाया नहीं जा सका। बेटे की पैदा होते ही मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव मरीज को बद्दी छोड़ने गए अर्जुन दुख की इस घड़ी में अपनी पत्नी से मिल भी नहीं पाए। अस्पताल में उपचाराधीन पत्नी से भी उन्होंने दूर से ही बात की और ढांढस बंधाया। यहां तक की परिजनों से भी दूरी बनाए रखी। शुक्रवार को वह कोलर स्थित अपने घर गए। बेटे को मिट्टी देने की रस्म निभाई और फिर ड्यूटी पर लौट आए। अर्जुन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में ड्यूटी ही सब कुछ है, लेकिन संक्रमण से बचाव भी जरूरी है। वह ड्यूटी पर लौट आए थे, लेकिन एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता घर में अकेली हैं। उनकी पत्नी भी शिलाई में पुलिस विभाग में ही कार्यरत है। पिछले साल ही उनके पिता का भी निधन हुआ है।