- Advertisement -
शिमला। राजधानी में ऑनलाइन ठगी (Online fraud) का एक और मामला सामने आया है। इस बार ठगी का शिकार पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल (Congress MLA Dhaniram Shandil) के बेटे संजय शांडिल और उनके दोस्त हुए हैं। शातिरों ने 2-2 रुपए की ट्रांजेक्शन करने को कहा और फिर खाते से हजारों की नगदी उड़ा ली है। इस संबंध में संजय शांडिल ने पुलिस में शिकायत (Complaint) दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संजय शांडिल और उनका दोस्त सेना में कार्यरत हैं।
अपनी शिकायत में संजय शांडिल ने बताया कि उनकी बेटी का एक आनलाइन कुरियर आना था। जब पार्सल समय पर नहीं पहुंचा तो उन्होंने गूगल पर संबंधित कंपनी का नंबर ढूंढा और उस पर संपर्क किया। इस दौरान आरोपित ने एक नंबर पर दो रुपए की ट्रांजेक्शन करने को कहा। ठग के कहने पर पहले संजय शांडिल और फिर उनके एक दोस्त ने ट्रांजेक्शन कर दी। लेकिन थोड़ी ही देर पर उनके बैंक खातों से हजारों रुपए की राशि उड़ चुकी थी। संजय शांडिल के बैंक खाते से 10 हजार और उनके दोस्त के खाते से 46 हजार रुपए उड़ गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -