- Advertisement -
कुल्लू। प्रदेश कांग्रेस में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पूर्व में बागवान मंत्री रहे सत्य प्रकाश ठाकुर (Satya Prakash Thakur) भी इस घमासान में उतर आए हैं। ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर का पक्ष लेते हुए पूर्व दो पार्टी अध्यक्षों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सत्य प्रकाश ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है तो दो पूर्व अध्यक्षों के पेट में दर्द क्यों उठ रहा है। उनका कहने का अर्थ था कि अपने समय में तो यह दोनों पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस को एकजुटता में नहीं ला सके, लेकिन अब जब विपक्ष मजबूत है तो इन दोनों अध्यक्षों को पार्टी को कमजोर करने की क्या आवश्यकता पड़ी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद प्रदेश को कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) के रूप में एक सिद्धांतवादी अध्यक्ष मिला है और लंबे समय के बाद ही प्रदेश कांग्रेस में सभी कांग्रेसियों को एक माला में पिरोने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब सुखविंद्र सिंह सुक्खू अध्यक्ष थे तो मंडी से एक भी सीट क्यों नहीं ला पाए। यही नहीं मंडी लोकसभा की भी 16 सीटें हार गए, ठाकुर कौल सिंह के अपने विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस (Congress) की हालत खराब हुई।
सुक्खू के समय में 180 कांग्रेसियों को पार्टी से बाहर कर दिया गया था, लेकिन इस समय दोनों अध्यक्षों का तरीका ठीक नहीं था। पहले अध्यक्ष को सूचित किए बिना बैठक की और फिर जानबूझकर मीडिया को खबर लीक की। उन्होंने कहा कि उनकी इस हरकत से प्रदेशभर के कांग्रेसियों में उनके प्रति आक्रोश है। ठाकुर ने इन दोनों के खिलाफ पार्टी हाईकमान से अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग भी रखी है। उन्होंने ठाकुर कौल सिंह (Thakur Kaul Singh) व सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) को नसीहत देते हुए ये भी कहा है कि आसमान पर थूकोगे तो वह अपने पर ही गिरेगा।
- Advertisement -