-
Advertisement
सत्येंद्र जैन के सिर पर चोट लगने से जमा खून का थक्का, इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड गठित
Last Updated on May 27, 2023 by sintu kumar
आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन के सिर में चोट लगने की वजह से खून का थक्का जम गया है। हालांकि, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में गुरुवार को भर्ती किए गए जैन के इलाज के लिए चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड के सदस्यों में एलएनजेपी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, जीबी पंत अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट और गहन देखभाल में विशेषज्ञता रखने वाले चिकित्सक शामिल हैं। जैन की चिकित्सा स्थिति की जांच की जा रही है। पूर्व मंत्री की हालत अब स्थिर है।एमआरआई समेत उनकी कई जांच की गई हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
सुप्रीम कोर्ट ने दी है छह सप्ताह की अंतरिम जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने धन शोधन के एक मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को शुक्रवार को चिकित्सा आधार पर छह सप्ताह की अंतरिम जमानत देते हुए कहा कि एक नागरिक को अपने खर्च पर निजी अस्पताल में अपनी पसंद का इलाज कराने का अधिकार है। जैन तिहाड़ जेल में चक्कर आने के कारण शौचालय में गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएम अरविंद केजरीवाल ने उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। दिल्ली के पूर्व मंत्री को सांस लेने में दिक्कत के कारण पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें लोकनायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है, जब जैन को अस्पताल ले जाया गया है। इससे पहले भी वह जेल के शौचालय में गिर गए थे और उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।