- Advertisement -
धर्मशाला। पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद अब दूसरे मुख्य आरोपी ने भी सरेंडर कर दिया है। आरोपी केतन चौधरी (26) पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गांव लुधियार डाकघर दरकाटी जवाली ने एसएसपी कांगड़ा (SSP Kangra) के समक्ष सरेंडर किया। आरोपी केतन को भवारना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पुलिस पूछताछ करेगी।
बता दें कि इससे पहले मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी बिक्रम ने करीब 5 माह बाद 3 जनवरी को एसएसपी कांगड़ा (SSP Kangra) के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। मुख्य आरोपी बिक्रम ने पुलिस की पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। उसने पूछताछ में फर्जी तरीके से नौकरी हथियाने वाले 10 से अधिक लोगों के नाम उगले हैं। इसमें पुलिस (Police), जेल विभाग व एचआरटीसी (HRTC) के कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस विभाग के कर्मचारियों पर पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि परौर पुलिस भर्ती केंद्र में 11 अगस्त 2019 को इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। दूसरे की जगह परीक्षा देने की कोशिश करते आरोपियों को पकड़ा था। पुलिस थाना भवारना में मामला दर्ज हुआ था। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी की जांच में दो दर्जन से अधिक आरोपी धरे थे। मुख्य आरोपी और दूसरे मुख्य आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई थी। वहीं, सरकार ने भी मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए लिखित परीक्षा रद्द कर दी थी और दोबारा कड़े पहरे के बीच आयोजित करवाई थी। एसएसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने आरोपी के सरेंडर करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को भवारना थाना प्रभारी ने गिरफ्तार करके आगामी जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -