- Advertisement -
श्रीनगर। कश्मीर के बडगाम जिला में बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में सिक्योरिटी फोर्सेज ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। यह आतंकी हिजबुल-मुजाहिदीन के बताए जा रहे हैं। दोनों तरफ से फायरिंग मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे शुरू हुई थी। सिक्योरिटी फोर्सेज और आतंकियों के बीच एनकाउंटर बडगाम के महागाम एरिया के राडपुग गांव में हुआ।
इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स, राष्ट्रीय रायफल्स और राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने इलाके को घेर लिया। सर्च ऑपरेशन के दौरान ही आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका जवाब दिया। कई घंटों तक चली गोलीबारी में 3 आतंकी मारे गए। इनमें से 2 आतंकी बडगाम के ही रहने वाले थे। इससे पहले, कश्मीर के अनंतनाग के बंटिगू एरिया में सोमवार रात आतंकियों ने अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला किया था।
इसमें 7 यात्रियों की मौत हो गई थी। 15 तीर्थयात्री जख्मी भी हुए। मरने वालों में 5 महिलाएं भी थीं। हमले के शिकार 3 यात्री गुजरात, 2 दमन और 2 महाराष्ट्र के थे। यात्रा पूरी कर सभी जम्मू लौट रहे थे।
- Advertisement -