- Advertisement -
नई दिल्ली। भारी बारिश के चलते देश के कई हिस्से इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र (karnataka and maharashtra) के बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। कर्नाटक में उडुप्पी के मंदिर परिसर में कई फीट तक पानी घुस गया है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बारिश के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। 200 गांवों का संपर्क कट चुका है। 400 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी बाढ़ का कहर है। कई जगहों पर नदियों का जलस्तर (Water level) खतरे के निशान को पार कर चुका है। हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है। वहीं, राजस्थान में भी कुदरत का कहर बरपा है। नदियां उफान पर हैं और कई गावों का संपर्क शहरों से कट गया है। केरल और ओडिशा के कई इलाकों में भी नदियां उफान पर हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर में भारी बारिश के बाद बाढ़ का कहर है। कई इलाकों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। गोवा के भी कई इलाकों में भारी बारिश के बाद बाढ़ के हालात हैं।
मध्य प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (Weather department) ने आगामी 24 घंटे के लिए 28 जिलों को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई जगहों पर हादसे हुए हैं। मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। यहां एक अंडरपास में लबालब पानी भरा था। ड्राइवर की लापरवाही से यात्रियों से खचाखच भरी बस अंडरपास में फंस गई। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में मॉनसून की भारी बारिश और तेज हवाओं के कहर के चलते बुधवार को अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित जिले के स्कूल और कॉलेजों की बुधवार और गुरुवार को छुट्टी रहेगी। क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी होने का मतलब है कि मौसम के अत्यधिक खराब होने की संभावना है।
- Advertisement -