- Advertisement -
election ; शिमला। प्रदेश सचिवालय में अपनी धाक जमाने के लिए कर्मचारी नेताओं ने कदमताल शुरू कर दी है। जी हां, शुक्रवार को होने वाले चुनावों को लेकर मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने भी अपने जीत सुनिश्चित करने को पूरा जोर लगा दिया है। इसके तहत आज उम्मीदवारों ने सचिवालय में अपने सर्मथकों के साथ चुनावी प्रचार किया और अंतिम समय में मतदाताओं के अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। इस बार करीब 900 मतदाता सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन की नई कार्यकारिणी का चयन करेंगे।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए संजीव शर्मा और भूपिंद्र बॉबी के बीच सीधी टक्कर है। संजीव शर्मा पूर्व में कई चुनाव जीत चुके हैं। उधर, उपाध्यक्ष पद के लिए चानन मेहता, जीत राम, रूप लाल और वंदना में मुकाबला होगा। महासचिव पद के लिए भी इस बार सीधी टक्कर है।
इस बार मुकाबला बलदेव सिंह ठाकुर और कमल कृष्ण शर्मा के बीच है। संयुक्त सचिव पद के लिए मनोज कुमार, प्रेम चंद धर्मा और विनय कुमार शर्मा के बीच तिकोना मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए भी दो ही उम्मीदवार मिलाप चंद और रमेश चंद मैदान में हैं। इसके साथ ही संगठन की कार्यकारिणी के लिए भी कल ही मतदान होगा। इसके लिए भी 14 प्रत्याशी मैदान में उतरकर अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। कार्यकारिणी के लिए 9 सदस्य चुने जाने हैं।
सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के चुनाव मे राज्य सचिवालय के कर्मचारियों के साथ-साथ राजभवन, राज्य लोकसेवा आयोग, इस्टेट और लोकायुक्त में तैनात कर्मचारी मतदान करते हैं। मतदान कल सुबह 10.30 बजे शुरू होगा और पांच बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना होगी और देरशाम को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव अधिकारी मनमोहन जस्सल ने कहा कि सचिवालय कर्मचारियों के चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होंगे। उन्होंने बताया कि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, उसके लिए उचित कदम उठाए गए हैं।
- Advertisement -