- Advertisement -
काबुल। Afghanistan में तालिबान के बंदूकधारियों ने एक भारतीय कंपनी में काम करने वाले 7भारतीय इंजीनियरों को अगवा कर लिया है। जानकारी के अनुसार अगवा किए गए सभी लोग भारतीय कंपनी KEC के कर्मचारी हैं। आतंकियों ने इंजिनियरों को सरकारी कर्मचारी समझकर अगवा किया।
दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह अफगानिस्तान सरकार के संपर्क में है और घटना की विस्तृत जानकारी हासिल की जा रही है। सातों भारतीय इंजिनियरों के अलावा उस अफगानी बस ड्राइवर को भी आतंकियों ने अगवा कर लिया, जिससे ये सफर कर रहे थे। सातों भारतीय इलेक्ट्रिकल इंजिनियर हैं। इनका उस समय अपहरण किया गया जब वे एक इलेक्ट्रिसिटी सब-स्टेशन जा रहे थे, जिसका KEC को ठेका मिला हुआ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, ‘हम अफगानिस्तान के बागलान प्रांत से भारतीय नागरिकों के अपहरण से वाकिफ हैं। हम अफगान अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली जा रही है।’
इन लोगों को बंदूकधारियों ने बागलान प्रांत की राजधानी पुल-ए-खोमरे के बाग-ए-शामल गांव से अगवा किया है। भारतीय कंपनी KEC को यहां एक इलेक्ट्रिसिटी सब-स्टेशन का कॉन्ट्रेक्ट मिला है जिसके लिए ये इंजिनियर इलाके का दौरा कर रहे थे। अभी अफगानिस्तान में बड़े इन्फ्रस्ट्रक्चर प्रॉजेक्ट्स में 150 से ज्यादा भारतीय इंजिनियर और तकनीकी विशेषज्ञ काम कर रहे हैं।
- Advertisement -