-
Advertisement
हिमाचल: बर्फबारी से अब तक 105 करोड़ का नुकसान, 75 मार्गों पर यातायात ठप
Last Updated on January 6, 2020 by Deepak
शिमला। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रदेश में ताजा बर्फबारी (Snowfall) का दौर शुरू हो गया है। बर्फबारी से जहां पर्यटक स्थल पूरी तरह से पैक हो गए हैं। वहीं, यह बर्फबारी लोगों और प्रशासन के लिए मुसीबत भी बनती जा रही है। बर्फबारी (Snowfall) से जहां प्रदेश के करीब 75 मार्गों पर यातायात बंद हो गया है। वहीं, इस विंटर सीजन (Winter season) में प्रदेश को अब तक 105 करोड़ का नुकसान हो चुका है। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग (PWD) को हुआ है। इसे 63 करोड़ 12 लाख 18 हजार की चपत लगी है।
यह भी पढ़ें :- आमिर खान ने नारकंडा में बर्फबारी के बीच की शूटिंग, शिमला का किया रुख
राज्य के मंडी जोन में सबसे ज्यादा 45 सड़कें यातायात के लिए ठप पड़ी हुई हैं। सड़कें बंद होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत शिमला में 15 मार्ग बंद हैं, जबकि कांगड़ा जोन में 10 मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हुए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा बंद पड़े मार्गों को बहाल करने के लिए कार्य आरंभ कर दिया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) का दावा है कि बंद पड़े मार्गों में से 25 मार्ग सोमवार शाम तक जबकि 32 सड़कें मगंलवार तक बहाल हो जाएंगी। सड़कों के साथ साथ राज्य में कई स्थानों पर ट्रासफार्मर भी बंद पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को रात अंधेरे में काटने को मजबूर होना पड़ेगा।
बर्फबारी से प्रदेश में कड़ाके की ठंड
ऊपरी शिमला के उंचाई वाले क्षेत्रों में रूक-रूक कर हिमपात जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर दिनभर जारी रहा। बारिश और बर्फबारी के चलते पूरा जिला एक बार फिर से कड़ाके की ठंड की चपेट में आ चुका है। पर्यटन स्थल नारकंडा में भी दिन भर रुक-रुक कर हिमपात होता रहा। हाटु पीक पर एक फीट से ज्यादा ताजा बर्फ दर्ज की गई है, वहीं नारकंडा में भी बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। एनएच-पांच पर वाहनों की आवाजाही नारकंडा के पास थम गई है। नारकंडा घूमने आए सैलानियों ने बर्फ के साथ खूब मौज मस्ती करते हुए सेल्फियां ली। इन दिनों नारकंडा में भारी संख्या में पर्यटक पहुंच हुए हैं।