- Advertisement -
मंडी। जिला में प्रशासन विपदा की इस घड़ी में लोगों को हर संभव सुविधा देने का प्रयास कर रहा है। अभी तक जिला में 2895 राशन की किटें जरूरतमंदों को दी जा चुकी हैं जिसमें राशन का सारा सामान उपलब्ध है। वहीं जिला में 12051 प्रवासी मजदूर रहे हैं जिनकी उचित देखभाल में सरकार, प्रशासन और आम लोग अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। यह बात आज जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर (Mahendra Singh Thakur) ने मंडी में मीडिया से बातचीत में कही।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस (Coronavirus) की रोकथाम के लिए प्रदेश पूरी तरह से सहयोग कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस वायरस की रोकथाम के लिए समय रहते जो कदम उठाए हैं वह सबसे बेहतर उपाय हैं। इससे पहले उन्होंने जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की और अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश जारी किए। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा 21 दिनों के लॉक डाउन का एक सप्ताह बीत गया है और दो सप्ताह का समय शेष बचा है। उन्होंने लोगों से इन दो सप्ताहों तक संयम बनाए रखने और सहयोग करने का आह्वान भी किया है।
- Advertisement -