- Advertisement -
दयाराम काश्यप/सोलन। पूर्व विधायक और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मेजर कृष्णा मोहिनी (80) आज पंचतत्व में विलीन हो गईं। आज दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu), सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल और अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे। बता दें कि सोलन से दो बार विधायक रहीं मेजर कृष्णा मोहिनी का रविवार को पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं, उनका पार्थिव शरीर आज सुबह सोलन लाया गया।
स्व. मेजर कृष्णा मोहिनी 1993 व 1998 में सोलन से दो बार एमएलए रहीं। उन्होंने बीजेपी (BJP) के महेंद्र नाथ सोफत को पराजित कर सोलन की सत्ता कब्जाई थी। इसके बाद 2000 के उपचुनाव व 2003 के चुनाव में बीजेपी के डॉ. राजीव बिंदल से वह चुनाव में हार गईं। मोहिनी 1977 से 80 तक जनता पार्टी में सक्रिय रहीं और 77 की जनता पार्टी लहर में वह दून विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय राम प्रताप चंदेल के मुकाबले में चुनाव हार गई थीं। 1980 में कांग्रेस (Congress) में शामिल होने के बाद तत्कालीन सीएम ठाकुर रामलाल ने उन्हें प्रदेश शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनाया था। 1983 में वह दिल्ली चली गईं और अनेक वर्ष तक वह कांग्रेस की केंद्रीय राजनीति में सक्रिय रहीं। वर्ष 1985 में पूर्व पीएम राजीव गांधी उन्हें सुपर मार्केट दिल्ली का चेयरमैन नियुक्त किया। 1993 में वह प्रदेश की राजनीति में लौंटी और विधायक बनीं। पिछले कुछ वर्ष से बीमारी की वजह से वह सक्रिय राजनीति से दूर थीं।
- Advertisement -