Home » HP-1 •
सोलन » कांग्रेस से मत करो तुलना, छोटों के बारे में क्या बोलनाः नड्डा
कांग्रेस से मत करो तुलना, छोटों के बारे में क्या बोलनाः नड्डा
Update: Sunday, December 23, 2018 @ 5:26 PM
दयाराम कश्यप/सोलन। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस से बीजेपी की तुलना मत करो। छोटों के बारे क्या बोलना। कांग्रेस में कहां इतनी ताकत है कि वह हर बूथ पर बीजेपी की तरह पन्ना प्रमुख खड़ा करें। पन्ना प्रमुख बीजेपी की ताकत है।
वह सोलन में
पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस नेतृत्व विहीन है, मुद्दा विहीन है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को तो आंकड़े ही याद नहीं रहते हैं। कहीं वह पांच सौ करोड़ बोलते हैं तो कहीं सात सौ करोड़ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर ने केंद्र से 9 हजार करोड़ मिलने की बात कही है। लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि पांच हजार करोड़ पाइपलाइन में हैं और प्रोजेक्ट हिमाचल सरकार ने बनाकर भेजना है। सरकार प्रोजेक्ट भेजे पैसे हम देंगे।
पन्ना प्रमुख कार्यकर्ता नहीं बल्कि लीडर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वर्तमान में 12 करोड़ कार्यकर्ता बीजेपी की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख यह मत सोचे कीं वह किसी के पीछे चल रहे हैं, बल्कि वह अपने क्षेत्र के नेता हैं। क्योंकि आपकी बताई दिशा पर लोग चलते हैं। आप लोगों को पार्टी के बारे बताते हैं। लोगों के सुख दुख में खड़े होते हैं। पार्टी में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस दौरान उन्होंने पन्ना प्रमुखों को केंद्र की योजनाओं के बारे जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि हम नारे बहुत लगाते हैं, लेकिन आंकड़ों को पेश करने के लिए उनकी गहराई तक नहीं जाते हैं। आंकड़ों को समझें। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने लोगों को सोशल सिक्योरिटी दी है। जनधन योजना शुरू कर लाभ पहुंचाया है। पांच करोड़ 80 हजार लोगों को गैस कनेक्शन दिए हैं। मोदी सरकार की इस पहल को दुनिया ने सराहा है। सौभाग्य योजना से लाखों लोगों को जोड़ा गया है। लोगों को बिजली के कनेक्शन प्रदान किए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए सब्सक्राइब करें हिमाचल अभी अभी न्यूज अलर्ट