- Advertisement -
मंडी। जिस ससुर ने आसरा दिया दामाद ने उसी ससुर को मौत के घाट उतार दिया। जी हां, यह कोई सीरियल की कड़ी नहीं बल्कि वाकया है मंडी जिला के अप्पर पंडोह का। अप्पर पंडोह के रहने वाला अशोक कुमार (55) पंडोह बाजार में हलवाई की दुकान चलाता था। उसका दामाद जितेंद्र (30) भी पंडोह बाजार में ही बीज भंडार की दुकान चलाता था और अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहा था।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र अक्सर ससुरालवालों के सामने पत्नी से मारपीट करता रहता था। बाद में सास और ससुर से भी मारपीट करने लगा। ताजा वाक्या के अनुसार पहले उसने पत्नी से मारपीट की फिर सास को निशाना बनाया। उसके कुछ देर बाद उसने कुल्हाड़ी उठाई और बाहर निकल गया।
उसके बाद वह एनएच 21 के किनारे जहां से अप्पर पंडोह को रास्ता जाता है वहां छिप कर बैठ गया। जैसे ही उसका ससुर दुकान से लौटा दामाद ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। अशोक कुमार के शरीर पर 9 बार कुल्हाड़ी से वार किया गया। उसके गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जितेंद्र इसके बाद वहां से फरार हो गया। वहीं, देर रात तक जब अशोक कुमार नहीं लौटा तो उनकी पत्नी और बेटी ने पंडोह पुलिस चौकी में संपर्क किया और उनकी तलाश में जुट गए। सोमवार सुबह करीब सवा तीन बजे अशोक कुमार का शव बरामद किया गया। सदर थाना प्रभारी चेत सिंह बंगाली मौके ने मौके पर जाकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- Advertisement -