- Advertisement -
धर्मशाला। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक रविवार को धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में यह फैसला लिया गया कि आगामी लोकसभा चुनाव में सेवादल मंडी और हमीरपुर से टिकट के लिए दावेदारी पेश करेगा। इन दो संसदीय क्षेत्रों में सेवादल के कर्मठ कार्यकर्ता प्रतिष्ठित नेता हैं।
बैठक के उपरांत प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवादल को प्रदेश में बूथ स्तर पर मजबूत किया जाएगा जिससे प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार को जन-जन तक उजागर किया जाएगा। लोकसभा चुनावों में सेवादल अहम भूमिका निभाएगा जिससे प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत को सुनिश्चित किया जाएगा।
अनुराग ने कहा कि आज देश के भीतर जो कट्टरता और अराजकता का माहौल पैदा हुआ है उससे निपटने और भाईचारे को फिर से कायम करने के लिए सेवादल की भूमिका के संबंध में चर्चा की गई। इस तरह के सम्मेलन प्रदेश के बाद बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। जब से राहुल गांधी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाली है तभी से ही उनका प्रयास रहा है कि इसमें व्यापक बदलाव करके कांग्रेस की इस इकाई को ग्रास रूट पर मजबूत किया जाए जिससे कांग्रेस पार्टी को और अधिक सशक्त किया जा सके।
प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, जम्मू कश्मीर के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए।सुधीर ने कहा कि सेवादल कांग्रेस की सबसे जमीनी स्तर के संगठन पर कार्य करने वाली इकाई है इसलिए निर्णय लिया गया है कि इस तरह के सम्मेलन प्रदेश स्तर पर आयोजित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर ऑल इंडिया कांग्रेस सेवादल के जनरल सेक्रेटरी एवं हिमाचल के प्रभारी विलास रावत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सेवादल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर सेवादल कमर कस चुका है। कांग्रेस सेवादल की यंग ब्रिगेड में 35 से 45 साल की आयु वर्ग वाले युवाओं को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही सेवादल के सलाहकार बोर्ड भी गठित किया जाएगा।
- Advertisement -