-
Advertisement
हिमाचल: कांगड़ा में राज्य स्तरीय अंडर-16 हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, 8 जिला टीमें दिखाएंगी दमखम
Last Updated on October 29, 2021 by Deepak
कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला में शुक्रवार को राज्य स्तरीय अंडर-16 हॉकी प्रतियोगिता (State Level Under-16 Hockey Competition) का आगाज हुआ। कांगड़ा के नगर परिषद मैदान में उपमंडल अधिकारी कांगड़ा अभिषेक वर्मा ने तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 8 जिलों की जूनियर हॉकी टीमें भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर हॉकी कांगड़ा के अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा (Dr Rajesh Sharma) ने कहा कि राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन करवाना हॉकी कांगड़ा (Hockey Kangra) के लिए अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों की रहने व खाने की व्यवस्था गुप्त गंगा धाम कांगड़ा में की गई है। डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का फाइनल 31 अक्टूबर को होगा।
यह भी पढ़ें:ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर एलिसा हीली ने की महिलाओं के लिए आईपीएल कराने की मांग
वहीं मुख्य अतिथि उपमंडल अधिकारी अभिषेक वर्मा ने बताया कांगड़ा में खेल गतिविधियां शुरू होना अच्छी बात है, क्योंकि कोरोना के समय में बच्चे व खिलाड़ी घरों में कैद होकर रह गए थे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बच्चे व खिलाड़ी मानिसक तनाव से बाहर निकलेंगे। उन्होंने हॉकी कांगड़ा को प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर हो जिला खेल अधिकारी एनपी गुलेरिया, प्रदेश हॉकी चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अनिल खंतवाल, हाकी कांगड़ा के महासचिव सतिंदर त्नेहन, असीम अगरवाल, विशाल शर्मा, प्रेस सचिव रितेश ग्रोवर, दिलीप कुमार, नरेश, दविंदर, सुधीर हैप्पी, अक्षय, अमन, सनी, दिनेश, राजकुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
आज पहले दिन छह मैचों में टीमों ने दिखाए अपने जौहर
राज्य स्तरीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन छह मैच खेले गए। हॉकी कांगड़ा के प्रेस सचिव रितेश ग्रोवर ने बताया कि पहला मैच पूल ए के ग्रुप में खेला गया, जो कि हमीरपुर व सोलन के बीच में हुआ, जिसमें हमीरपुर व सोलन ने तीन-तीन गोल किए और यह मैच ड्रॉ रहा। वहीं पूल बी का पहला मैच ऊना व बिलासपुर के मध्य खेला गया। इस मैच में ऊना ने 8 गोल किए और बिलासपुर की टीम एक ही गोल कर पाई। इसी तरह से तीसरा मैच पूल ए कांगड़ा और मंडी के बीच हुआ। जिसमें मंडी की टीम ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए कांगड़ा को 9-0 से हराया। इसी तरह पूल बी का दूसरा मैच सिरमौर व चंबा के बीच खेला गया। जिसमें सिरमौर ने चंबा को 2-1 से हराया। पांचवा मैच कांगड़ा (Kangra) और हमीरपुर के मध्य खेला गया, जिसमें हमीरपुर ने कांगड़ा को 3-1 से हराया। 6वां मैच पूल बी का ऊना व चंबा के बीच खेला गया जिसमें ऊना ने एकतरफा खेल खेलते हुए चंबा को 8-0 से हराया।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page