- Advertisement -
attacks: काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अमेरिकी दूतावास के समीप आत्मघाती हमले में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 22 लोग जख्मी हुए हैं। हमले में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह एक आत्मघाती हमला था और हमलावर के निशाने पर नाटो के सैनिक थे। अफगान अधिकारियों ने बताया कि नाटो के काफिले में शामिल सैनिकों के लिए सामान ले जाने वाली बख्तरबंद गाड़ियों के काफिले पर हमला किया गया है।
हमला शहर के घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र मैक्रोयन के अब्दुल हक स्कवायर के पास हुआ। अभी तक इस आत्मघाती हमले में किसी विदेशी नागरिक के मरने की पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि सड़क के पास बैठे एक बुजुर्ग शख्स ने यह आत्माघाती बम विस्फोट किया है। हालांकि अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है कि इस हमले में विदेशी सैनिकों का भी कोई नुकसान हुआ है या नहीं लेकिन इस विस्फोट में वहां मौजूद कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
इस आत्मघाती हमले को तालिबान की धमकी से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ दिन पूर्व तालिबान ने कहा था कि वह विदेशी सेनाओं को निशाना बनाएगा।
इससे पहले, तालिबान ने 21 अप्रैल को अफगानिस्तान के नॉर्दर्न सिटी मजार-ए-शरीफ के पास आर्मी कैम्प पर हमला किया था। जिसमें 140 सैनिक मारे गए थे। मजार-ए-शरीफ बल्ख प्रोविंस की कैपिटल है। हमला एक मस्जिद में नमाज पढ़ रहे सैनिकों पर किया गया। इसके अलावा भोजन कर रही अफगान आर्मी की 209th कॉर्प्स को भी टारगेट किया गया था।
- Advertisement -