सुक्खू बोले-इस महंगाई में मजदूरों को 18000 रुपए मिले न्यूनतम वेतन
Update: Wednesday, May 1, 2019 @ 4:41 PM
भोरंज। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने मजदूर दिवस पर कहा कि महंगाई के इस दौर में मजदूरों को 18000 रुपए न्यूनतम वेतन (Salary) मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। भोरंज विधानसभा क्षेत्र के दलालड़ गांव में मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सुक्खू बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।

सुक्खू ने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में मजदूरों के हक छीनने का काम किया है। श्रम कानूनों को बदलाव कर कमजोर किया गया। यह मजदूर वर्ग पर कुठाराघात है। बीजेपी सरकार (BJP Government) आम आदमी व श्रमिक विरोधी रही है। देश के करोड़ों मजदूर केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का खामियाजा भुगत रही है। सुक्खू ने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव को लेकर मजदूरों व कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। नौकरी पेशा लोगों का ही घर चलाना मुश्किल हो रहा है, गरीब मजदूर की तो आसमान छूती महंगाई ने कमर तोड़ दी है। रसोई गैस का सिलेंडर (Gas Cylinder) 1100 रुपए से ऊपर का हो गया है। बुधवार को ही घरेलू गैस सिलेंडर में 6 रुपए की वृद्धि हुई है।