- Advertisement -
धर्मपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जयराम सरकार पर चुटकी ली है। धर्मपुर में बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर कह रहे हैं कि प्रदेश में डबल इंजन से विकास हो रहा है। जबकि, सच्चाई यह है कि विकास का इंजन हिमाचल में फेल हो चुका है, सिर्फ घोषणाओं का इंजन चालू है। धरातल पर विकास पूरी तरह से रुक गया है। सीएम घोषणाएं करने में व्यस्त हैं, उन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। जयराम सरकार कर्ज के सहारे चल रही है। हर दूसरे महीने पांच-सात सौ करोड़ रुपये का कर्ज लेना पड़ रहा है। केंद्र में भी बीजेपी की सरकार है, ऐसे में हिमाचल को बड़ा आर्थिक पैकेज मिलना चाहिए था।
लेकिन, जयराम सरकार को सत्ता में आए एक वर्ष होने वाला है, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने राज्य को कोई बड़ी वित्तीय मदद नहीं दी। सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 25 साल से बीजेपी सांसद हैं। बावजूद इसके कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं ला पाए।
कांग्रेस की ओर से एक वर्ष के कार्यकाल पर चार्जशीट लाई जा रही है। इसमें जयराम सरकार के मंत्री भी बेनकाब होंगे। सुक्खू ने केंद्र सरकार को राफेल डील और महंगाई पर भी घेरा। उन्होंने सवाल दागा कि यूपीए सरकार के समय तय कीमत से तीन गुणा दाम पर बीजेपी सरकार में राफेल डील किसके इशारे और किसे फायदा पहुंचाने के लिए हुई, जनता सब जानती है। केंद्र सरकार राफेल विमान की सही कीमत बताने से क्यों हिचकिचा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा में जीत दर्ज करने के लिए अभी से जुट जाने का आह्ववान किया।
- Advertisement -