- Advertisement -
शिमला। प्रदेश में कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी चारों भाजपा सांसदों को घर में ही घेरेगी। शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में इसकी रणनीति तैयार की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में पीसीसी सचिवों और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें लोकसभा चुनाव को लेकर गहन मंथन किया गया। सुक्खू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चुनावी रणनीति तैयार करने को लेकर ब्लॉक अध्यक्षों की राय भी ली गई। लंबे विचार-विमर्श के बाद प्रदेश में चार साल का ‘हिसाब दें सांसद-जवाब दें सांसद’ स्लोगन के साथ प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। सुखविंद्र सुक्खू ने बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों से चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। सुक्खू ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार किया जाए।
चारों संसदीय क्षेत्रों में ‘हिसाब दें सांसद-जवाब दें सांसद’ अभियान के तहत कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाएंगे। इनमें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी सुशील शिंदे, सह प्रभारी रंजीता रंजन, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और सभी पूर्व मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। चारों संसदीय क्षेत्रों में सम्मेलनों के बाद राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा, जिसमें में भी कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। बैठक में कांग्रेस महासचिव व विधायक रामलाल ठाकुर, महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चौहान ने कहा कि चारों सांसदों को यह बताना होगा कि प्रदेश की समस्याओं को लेकर कितने सवाल संसद में पूछे और कितने बजट का प्रावधान कराया। महंगाई कम करने के लिए केंद्र सरकार को क्या सुझाव दिए। हर साल दो करोड़ रोजगार कहां हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि जनता भाजपा सांसदों से चार साल का हिसाब मांगेगी। केंद्र की मोदी सरकार के इस मई में चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान सांसद हिमाचल के लिए कौन सा बड़ा प्रोजेक्ट लाए, उन्हें जनता को बताना होगा।
बजट सत्र में गुड़िया और होशियार सिंह मामले को उठाएंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में गुड़िया और होशियार सिंह मामले को उठाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इन मामलों को खूब उठाया था और इसे चुनावी मुद्दा बनाया था। सुक्खू ने कहा कि ये दोनों मामले सीबीआई के पास है और उसने अब तक क्या किया है, इसकी जानकारी ली जाएगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का राज्यस्तरीय सम्मेलन 21 फरवरी को होगा। इस सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस सांसदों से मांगे जाने वाले हिसाब का शुभारंभ करेगी।
- Advertisement -