- Advertisement -
नादौन। पंचायती राज चुनाव में नियुक्त अधिकारी राजनीतिक दबाव में कोई गलत काम ना करें। अगर कोई भी चुनाव अधिकारी गलत करता हुआ पाया गया तो कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता उसके घर का घेराव करेंगे। उस चुनाव अधिकारी के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग करेंगे, ताकि सबको सामाजिक न्याय मिल सके और लोकतंत्र में जनता का आदेश सुनिश्चित हो सके। यह बात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के सत्ता के दबाव से एचआरटीसी (HRTC) उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनाव (Panchayat Election) में वरिष्ठता दरकिनार कर कुछ अपने चहेतों को चुनाव अधिकारी नियुक्त करवाया है। विधायक सुक्खू ने कहा उनकी नजर सभी पंचायती राज में नियुक्त चुनाव अधिकारियों के कामकाज पर रहेगी। उन्होंने सभी चुनाव अधिकारियों को सलाह दी है कि किसी भी राजनीतिक दबाव में ना आकर लोकतंत्र की बेहतरी लिए काम करें। सुक्खू ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाग लेना सबका लोकतांत्रिक अधिकार है और यह चुनाव किसी भी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं होता। सभी चुनाव अधिकारियों (Election Officials) को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी राजनीतिक दबाव में ना आकर किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से ना तो अपने चुनाव लड़ने के अधिकार से वंचित करें और ना ही लोकतंत्र में जनता के निर्णय को बदलने का प्रयास करें।
- Advertisement -