- Advertisement -
शिमला। प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य में कई स्थानों में आज जमकर मेघ बरसे। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई और नतीजतन राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य में कई स्थानों पर बारिश हुई है। इस दौरान आज सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे तक सुंदरनगर में 32 मिलीमीटर, भुंतर में 18 मिमी., धर्मशाला में 13 मिमी., ऊना में 25 मिमी., सोलन में 18 मिमी., कांगड़ा में 21 मिमी., डलहौजी में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मनाली में आज 23 सेंटीमीटर जबकि किन्नौर के कल्पा में 9 सेंमी. बर्फ गिरी। उधर, मौसम विभाग ने कल भी राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। इस दौरान राज्य के कई स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
जनजातीय जिले किन्नौर में आज भी बर्फबारी जारी रही। वहीं लाहौल-स्पीति जिले में भी बर्फ गिर रही है। शिमला जिले के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी जारी है। नारकंडा में 6 इंच बर्फ गिर चुकी है और रुक-रुक कर इसका दौर चला हुआ है। बर्फबारी के बीच ऊपरी शिमला के लिए सड़क मार्ग खुला है। बर्फबारी से बंद रहने वाला खड़ापत्थर आज खुला रहा। हालांकि बर्फबारी के कारण बीच-बीच में वाहन फिसल भी रहे थे और फिर यातायात को रोक दिया था, लेकिन दोपहर बाद इस मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया था।
वहीं, नारकंडा में भी बर्फबारी के कारण परिवहन निगम की बसें वहां से नहीं गई। रामपुर और किन्नौर के लिए बसों को वाया लुहरी-सुन्नी और बससंतपुर होकर भेजा गया। उधर, चौपाल के लिए भी आज यातायात जारी रहा। चौपाल के लिए भी दोपहर बाद यातायात बहाल कर दिया था। राजधानी में आज दिनभर बारिश होती रही। दोपहर बाद बारिश कुछ थमी, लेकिन बीच-बीच में बारिश हो रही थी। इसके बाद शाम के वक्त राजधानी धुंध की चपेट में आ गई। इससे यहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बारिश के साथ-साथ छुट्टी होने से आज बाजार भी सुने रहे।
शिमला में बीते 24 घंटे के दौरान कुल 42 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से यहां तापमान में भी कमी आई है। यहां आज अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, कल यह 14.6 डिग्री रहा था। यानी एक दिन में ही अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से अधिक की कमी दर्ज की गई।
- Advertisement -