- Advertisement -
नाहन। सिरमौरी गबरू अल्ट्रा मेराथन धावक सुनील शर्मा ने एशियन रिकॉर्ड धवस्त कर दिया है। हालांकि वह वल्र्ड रिकॉर्ड से चूक गए हैं। लेकिन, सुनील ने नए एशियन रिकॉर्ड का दावा पेश कर दिया है। अभी तक यह रिकॉर्ड जयपुर के बृजमोहन शर्मा के नाम था। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड ब्रेक किया था। सुनील ने 24 घंटे के भीतर 214 किलोमीटर दौड़कर ठीक 6 बजकर 36 मिनट पर अपनी दौड़ खत्म की। इस दौरान पूरा चौगान वंदे मातरम व सुनील के नारों को गूंज उठा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सुनील शर्मा के साथ चौगान मैदान का एक राउंड भी काटा। ट्रेडमिल पर 24 घंटे दौड़े सुनील को लेकर लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा था। समापन मौके पर हजारों की संख्या में लोग चौगान में एकत्रित हुए। सभी लोगों ने सुनील के साहस की भूरि भूरि प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि अल्ट्रा मेराथनलिस्ट सुनील शर्मा ने तीन जिंदगियां बचाने के मसकद से ट्रेडमिल पर दौड़ लगाई। चैरिटी से प्राप्त धनराशि को तीन मरीजों के इलाज पर खर्च किया जाएगा। हालांकि, एकत्रित धनराशि की अभी काउंटिंग करनी शेष है।
बता दें कि अल्ट्रा मेराथन धावक सुनील शर्मा ने शनिवार शाम 6 बजकर 36 मिनट पर दौड़ शुरू की थी। इसके बाद वह ट्रैडमिल पर लगातार दौड़ते रहे। इस कार्यक्रम की वीडियो ग्राफी के साथ-साथ ऑनलाइन भी किया गया था। रविवार सुबह साढ़े 6 बजे तक सुनील 12 घंटे में 120 किलोमीटर दौड़ चुके थे। जबकि, 20 घंटे बाद 2 बजकर 37 मिनट में उन्होंने 182 किलोमीटर दौड़ पूरी की। शाम तक ठीक 6:36 बजे तक सुनील ने 214.73 किलोमीटर दौड़कर अपना लक्ष्य पूरा कर लिया। 24 घंटे में सुनील ने 14 ब्रैक भी लिए। साथ ही नए एशियन रिकॉर्ड का भी दावा पेश किया। हालांकि वल्र्ड रिकॉर्ड से वह चूक गए। वल्र्ड रिकॉर्ड 245 किलोमीटर बताया जा रहा है।
सुनील शर्मा इस रिकॉर्ड को बनाने से पहले भी जिला सिरमौर के विभिन्न हिस्सों में दौड़कर चैरिटी कर रहे थे। लिहाजा, सुनील को थोड़ा भी आराम करने का मौका नहीं मिल पाया था। बहरहाल, सुनील के साहस को सभी ने सलाम किया और तीन जिंदगियों को बचाने के सफल की प्रशंसा भी की। वहीं दानी सज्जनों ने चैरिटी में दिल खोलकर दान भी किया।
- Advertisement -