- Advertisement -
पटना। पुलिस थाने के अंदर एक दरोगा फरियाद भी सुन रहा है और अपने अधीनस्थ से मसाज भी करवा रहा है। मसाज और चंपी भी दरोगा का मूड नहीं ठीक कर पा रही है और वह फरियादी से गाली-गलौच के साथ बात कर रहा है। यह एक वायरल वीडियो के हिस्से हैं।
यह मामला बिहार के तैमूर का है। दरोगा की वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने उसे सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बिहार में पुलिस की छवि को दाग लगाया है। वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि यह तैमूर जिले के चैनपुर थाना के एएसआई जफर इमाम का है। मसाज कराते समय दरोगा अपनी वर्दी में था।
मसाज करवाते इस वीडियो में पुलिस वाले को साफ तौर पर फरियादी से भी अभद्र भाषा में बात करते हुए सुना जा सकता है। उसे इस बात का एहसास नहीं था कि उसकी ये हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है। कैमूर के डीएसपी अजय प्रसाद ने कहा कि जफर इमाम की इस हरकत से पुलिस की छवि दागदार हुई है और इसी कारण से उसके खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है।
- Advertisement -