-
Advertisement
भारी बर्फबारी के बीच ग्लेशियर से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची टीम
Last Updated on January 20, 2020 by Sintu Kumar
रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर के रिब्बा कंडे में शनिवार को पहाड़ों से ग्लेशियर आने से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम भारी बर्फबारी के बीच रिब्बा कंडे पहुंची। टीम ने ग्लेशियर से हुए नुकसान का जायजा लिया। नायब तहसीलदार मुरंग राजेश ने बताया कि ग्लेशियर आने व बर्फीले तूफान से रिब्बा कंडे में 15 गौशाला, 15 दोगरी, 5 रिहायशी मकान, करीब 2,507 सेब के पेड़ सहित सिंचाई योजनाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया रिब्बा कंडे में आए ग्लेशियर से 60 लाख का नुकसान हुआ है।
बता दें कि रिब्बा कंडे में पिछले वर्ष भी ग्लेशियर व बर्फीले तूफान से लोगों को करोड़ों का नुकसान हुआ था। इस साल भी यहां पर ग्लेशियर व बर्फीले तूफान ने लोगों का बहुत नुकसान हुआ है। रिब्बा के प्रधान प्रेम नेगी ने बताया कि सर्दियों में इस स्थान पर ग्लेशियर व बर्फीले तूफान से बागवानों के सेब के बागीचे, दोगरी एवं अन्य कीमती चीजों को नुकसान होता है, वहीं गर्मियों में बारिश के दौरान ठीक इसी नाले के आसपास बाढ़ आने से भी लोगों व सार्वजनिक भवनों को भारी नुकसान होता रहता है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्ष से पीडब्ल्यूडी व वन विभाग को रिब्बा कंडे व रालङ्ग खड्ड, जिसमें सर्दियों में ग्लेशियर और गर्मियों में बाढ़ आती है, इस स्थान पर चेक डैंम व सुरक्षा की मांग करते रहे हैं, लेकिन अब तक इस स्थान पर दोनों विभागों की तरफ से मौके पर कोई काम नहीं हुआ है, जिस कारण हर वर्ष रिब्बा के ग्रामीणों को ग्लेशियर व बाढ़ से लाखों का नुकसान होता है।