- Advertisement -
पुणे। अपने घर में बीते 20 टेस्ट मैचों से अपराजित चल रही भारतीय टीम को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में 333 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने घर में तीसरा सबसे बड़ा 441 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में पूरी भारतीय टीम 107 रनों पर आउट हो गई। भारतीय टीम एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स के आगे फेल हो गई। स्टीव ओ’कीफे ने छह और नाथन लायन ने चार विकेट लिए। भारत ने दिन के पहले सत्र में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 285 रनों पर समाप्त कर दी थी। इसके बाद दूसरे सत्र में अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मेजबान टीम को 10 के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। पहली पारी में भारत का बोरिया बिस्तर बांधने वाले ओ’कीफे ने सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (2) को पगबाधा आउट कर दिया। टीम के खाते में छह रन ही जुड़े थे कि दूसरे सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (10) को नाथन लायन ने अपना शिकार बनाया। कप्तान विराट कोहली (13) पर एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी आ गई थी, लेकिन कप्तान इस बार टीम को संकट से बाहर निकाल नहीं सके।
ओ’कीफे की गेंद को छोड़ने के चक्कर में कोहली अपनी गिल्लियां उड़वा बैठे। कोहली 47 के कुल स्कोर पर आउट हुए। पुजारा और अंजिक्य रहाणे की जोड़ी जमती दिख रही थी। लेकिन रहाणे ओ’कीफे की गेंद को कवर्स के पास से सीमारेखा के पार भेजने के चक्कर में लॉयन के हाथों लपके गए। रविचंद्रन अश्विन (8) को भी ओ’कीफे ने अपना शिकार बनाया। ओ’कीफ ने अश्विन को आउट कर इस मैच में अपने 10 विकेट पूरे किए। चायकाल से ठीक पहले ओ’कीफ ने रिद्धिमान साहा (5) को LBW कर भारत को छठा झटका दिया। यह उनका इस पारी का पांचवां विकेट था। भारत को चेतेश्वर पुजारा के रूप में सातवां झटका लगा। वह ओ’कीफे की गेंद पर LBW हुए। पुजारा ने 31 रन बनाए। भारतीय पारी अब सिमटने के करीब थी।
रविंद्र जडेजा नेथन लायन की गेंद पर कट करने के प्रयास में बोल्ड हो गए। गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर ऑफ स्टंप से जा टकराई। इशांत शर्मा बिना कोई रन बनाए लायन का शिकार बने। उन्हें शॉर्ट लेग में डेविड वॉर्नर ने कैच किया। भारत को जयंत यादव के रूप में आखिरी झटका लगा उन्हें नाथन लायन ने आउट किया। इससे पहले स्मिथ ने बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बनी इस पिच पर भारतीय स्पिन तिकड़ी अश्विन, रवींद्र जडेजा और जयंत यादव का अच्छे से सामने किया और अपनी टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने अपनी पारी में 202 गेंदें खेलते हुए 11 चौके लगाए। वह जडेजा की गेंद पर 246 के कुल स्कोर पर पगबाधा करार दे दिए गए। यह उनका भारत के खिलाफ लगातार पांचवां शतक है। 2014-15 में खेली गई चार टेस्ट मैचों की सीरीज में स्मिथ ने चारों मैचों में शतक जड़े थे।
- Advertisement -