खुद को बताया मीडिया हाउस का मालिक, इस शातिर ने 21 लड़कियों को ऐसे ठगा
Update: Monday, December 24, 2018 @ 10:52 AM
नई दिल्ली। मैट्रिमोनियल साइट पर हाई क्लास प्रोफाइल बनाकर एक शख्स ने 21 लड़कियों को
ठग लिया। आरोपी को स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। 32 वर्षीय इस शख्स का नाम अभिषेक वशिष्ठ है।
दिल्ली पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी खुद को हरिद्वार में मीडिया हाउस का मालिक बताकर रह रहा था।
सेल ने इसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एक युवती ने दिल्ली में शादी कर ज्वेलरी और कैश लेकर फरार होने का केस दर्ज कराया था। कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किए थे। फिलहाल वह उत्तराखंड में खुद को एक न्यूज चैनल का मालिक बताकर लोगों को ठग रहा था। वह अपने न्यूज चैनल के लिए रिपोर्टरों की भर्ती और फ्रैंचाइजी देने के नाम पर ठगी कर रहा था। चैनल का फेसबुक और ट्विटर पर प्रचार भी कर रहा था। उसने अपने चैनल का लोगो भी एक प्रतिष्ठित चैनल से मिलता-जुलता बना रखा था।
डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि 22 दिसंबर को हरिद्वार में प्रेम आश्रम चौक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। युवती ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए उसके परिवार के संपर्क किया। खुद को कुंवारा और मीडिया हाउस का मालिक बताया। इसी साल मार्च में उन्होंने शादी करवा दी। दो सप्ताह तक अपनी पत्नी के साथ रहने के बाद आरोपी ज्वेलरी और कैश लेकर फरार हो गया। इसी तरह वह 21 लड़कियों को ठग चुका है। अभिषेक मूल रूप से कुरुक्षेत्र का रहने वाला है और कई चैनलों में काम कर चुका है।