-
Advertisement
Nerwa: 12 लोगों के आशियाने जलकर हुए राख, लाखों का नुकसान
Last Updated on February 19, 2020 by Deepak
नेरवा। ग्राम पंचायत बौहर के सौरधार में 12 अस्थाई घर जलकर राख हो गए। यह सभी घर दो मंजिला थे। जिनमें नीचे की मंजिल में पशु व भेड़ बकरियां रखी जातीं थीं एवं ऊपर की मंजिल में लोग खुद रहते थे। आग (Fire) से मनी राम तोमर, गुलाब सिंह चौहान, नैन सिंह जोशी, नाग चंद जोशी, रेलु राम जोशी, झींगी देवी, चंदन सिंह नंबरदार, भज्जी देवी, सीता राम जोशी, ग्यारू राम, भगत राम व सुख राम चौहान के अस्थाई घर जलकर राख हो गए हैं। इन घरों में पशुओं के लिए रखा सूखा घास व तूड़ी भी जलकर राख हो गया।
यह भी पढ़ें: Pangi: घर में लगी आग ने जला डाली ईमारती लकड़ी और पशुचारा
बता दें कि बौहर के ढकेड़, धमरौली एवं बिगरौली गांव के सभी परिवारों की सौरधार में सैंकड़ों बीघा जमीन है एवं यह लोग यहां अपने पशुओं के साथ अस्थायी रूप से रह कर खेती बाड़ी करते हैं। सौरधार में पर्याप्त चारागाहें होने के कारण इन गांव के लोग अपने पशुओं को 12 महीने यहीं पर रखते हैं। आग लगने के बाद इन लोगों के सामने जहां पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया है, वहीं पशुओं को रखने और खुद के रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
पंचायत प्रधान सरला जोशी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित लोगों को सरकारी सहायता प्रदान की जाए एवं इनके अस्थाई घरों के पुनर्निर्माण के लिए टीडी मंजूर की जाए। वहीं आग से हुई क्षति का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय कानूनगो मेला राम शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल को रवाना हो गई है। नायब तहसीलदार नेरवा अरुण कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आकलन के बाद प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।