- Advertisement -
लखनऊ। भारत-नेपाल सीमा पर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बीते कल बॉर्डर पर अतिक्रमण को लेकर विवाद उपजा था। जिसके बाद हुई गोलीबारी में एक नेपाली युवक की मौत होने के बाद आज यानि शुक्रवार को हजारों नेपालवासी हाथों में भारत विरोधी बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। इस दौरान नेपाल वासियों ने भारत विरोधी नारे लगाए और नेपाल में भारतीय सीमा के पास की भारतीय नागरिकों की दुकानों में तोड़-फोड़ की। इस दौरान भीड़ ने कई वाहनों को भी आग लगा दी। बता दें कि यह विवाद कंचनपुर के आनंदबाजार के समीप No Man’s Land पर हो रहे रास्ते के निर्माण को लेकर उपजा। SSB के जवानों ने उक्त निर्माण को यह कहकर रुकवा दिया कि जिस जगह निर्माण किया जा रहा है वह हिस्सा भारत में हैं। जिसके बाद नेपाल की ओर से SSB के जवानों पर पत्थर बरसाए गए। इसी बीच किसी ने गोली चलाई, जिससे नेपाली युवक की मौत हो गई। गोली चलने की बात को लेकर नेपाल पुलिस का कहना है कि गोली भारत की ओर से चलाई गई। जबकि SSB ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि गोली भारत की ओर से नहीं चलाई गई। बहरहाल भारत-नेपाल सीमा पर उपजे विवाद और बढते तनाव को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं।
- Advertisement -