-
Advertisement
Mandi में 128 लोगों का 28 दिन का क्वारंटाइन पीरियड पूरा, प्रशासन ने फूल देकर कहा Thanx
Last Updated on April 3, 2020 by Vishal Rana
मंडी। जिन लोगों ने 28 दिन की होम क्वारंटाइन (Quarantine) की अवधि को पूरा कर लिया है, उनका प्रशासन घर-घर जाकर फूल देकर आभार जता रहा है। यह वो लोग हैं, जिन्होंने होम क्वारंटाइन का सही ढंग से पालन किया और कोरोना वायरस (Coronavirus)की रोकथाम में अपना सहयोग दिया है। कोरोना वायरस जैसी महामारी की रोकथाम के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा जो दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं उनका अधिकतर लोग सही ढंग से पालन करते हुए नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Hamirpur में तब्लीगी जमात से लौटे हैं 44 लोग, जांच के बाद यह बात आई सामने
विदेश से लौटे लोगों को भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार 28 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना पड़ता है। सरकार के इन निर्देशों का मंडी (Mandi) जिला के सैकड़ों लोग सही ढंग से पालन कर रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं मंडी शहर के साथ लगते भ्यूली निवासी राज कुमार शर्मा और उनकी पत्नी सुरेंद्रा शर्मा। 17 सितंबर 2019 को यह दंपति अमेरिका में अपनी बेटी के पास गया हुआ था। जैसे ही विश्व भर में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने लगा तो इन्होंने घर वापसी की राह पकड़ी।
28 फरवरी को दिल्ली पहुंचे और 3 मार्च को मंडी स्थित अपने निवास पर पहुंच गए। हालांकि दोनों पूरी तरह से स्वस्थ थे, लेकिन भारत सरकार के निर्देशानुसार इन्हें 28 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना था। इन्होंने जिला प्रशासन को अपने आने की सूचना दी और जो दिशा निर्देश इन्हें दिए गए उनका इन्होंने पूरी तरह से पालन किया। 28 दिन तक यह किसी से नहीं मिले और अपने घर में ही कैद होकर रह गए।
यह भी पढ़ें: लॉक डाउन की भेंट चढ़ गई शादी, हाथों में मेहंदी लगाए इंतजार करती रह गई दुल्हन
28 दिन तक स्थानीय आशा वर्कर (Asha Worker) इनके साथ लगातार संपर्क में रहीं। 28 दिन का होम क्वारंटाइन पूरा होने के बाद प्रशासन ने इनके घर के बाहर लगे कोरोना वायरस के स्टीकर को हटा दिया और गुलाब के फूल देकर सहयोग करने के लिए आभार जताया। राज कुमार शर्मा ने बताया कि यह सब उन्होंने समाज की सुरक्षा के लिए किया है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मंडी जिला में पांच सौ के करीब लोग ऐसे हैं जो हालही में विदेशों से वापस आए हैं। इन सभी को सरकार के निर्देशानुसार होम क्वारंटाइन पर रखा गया है। इनमें से 128 लोगों ने 28 दिन की अवधि को पूरा कर लिया है।