-
Advertisement

दिल्ली का शख्स Suicide के बारे में वीडियो पोस्ट कर रहा था; FB अधिकारी की कॉल से बचा
नई दिल्ली। फेसबुक अधिकारियों ने आयरलैंड (Ireland) से दिल्ली फोन करके मुंबई में खुदकुशी की कोशिश (Suicide attempt) कर रहे एक शख्स की जान बचा ली। दरअसल हुआ कुछ ऐसा कि दिल्ली का एक शख्स खुदकुशी करने के बारे में वीडियो पोस्ट कर रहा था और आयरलैंड से फेसबुक-अधिकारी (Facebook-officer) की कॉल के बाद डीसीपी (साइबर सेल-दिल्ली) द्वारा उसे बचा लिया गया। शख्स की पत्नी के मुताबिक, वह 2 हफ्ते पहले मुंबई गए थे। डीसीपी-दिल्ली ने फिर डीसीपी-साइबर (मुंबई) को कॉल की और उन्होंने उसे बचाने के लिए टीम तैनात कर दी।
पत्नी से झगड़ा कर मुंबई चला गया था शख्स; पूरे सिस्टम ने मिलकर बचाया
बतौर रिपोर्ट्स, शख्स कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते आर्थिक संकट के मद्देनजर आत्महत्या करने का विचार कर रहा था। उसने फेसबुक पर कुछ वीडियोज पोस्ट किए थे, जिससे ऐसा लग रहा था कि वो सुसाइड करने वाला है। ये सब आयरलैंड में बैठे फेसबुक स्टाफ ने देख लिया। उन्हें वीडियो देखकर इस बात का ऐहसास हो गया कि ये शख्स आत्महत्या कर सकता है। लिहाज़ा उसने तुरंत ये पता किया कि आखिर ये फेसबुक अकाउंट कहां का है। छानबीन के बाद पता चला कि इस अकाउंट को चलाने वाला दिल्ली में रहता है। इसके बाद आयरलैंड में बैठे फेसबुक अधिकारियों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने फौरन दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। युवक की जानकारी दिल्ली पुलिस को उपलब्ध करा दी गई।
यह भी पढ़ें: 3 महिलाओं ने अपनी साड़ियां उतारीं और पानी में फेंककर डूब रहे 2 लोगों की बचाई जान
इसके बाद दिल्ली पुलिस युवक को ढूंढते हुए मंडावली स्थित घर पहुंची। वहां पता चला कि वह अपनी पत्नी का फेसबुक अकाउंट इस्तेमाल करता है और अभी मुंबई में है। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति करीब 2 हफ्ते पहले झगड़ा करके मुंबई चले गए हैं और वहां वो किसी छोटे होटल में कुक का काम करते हैं। इसके बाद डीसीपी साइबर सेल ने तुरंत मुंबई के साइबर सेल में बात की और उन्हें वो नंबर दिया। मुंबई पुलिस ने तुरंत उस नंबर की डिटेल निकाली और पीड़ित शख्स से लगातार बात करने की कोशिश शुरू कर दी। पहले नंबर बंद था, लेकिन जैसे ही नंबर ऑन हुआ पुलिस ने उस नंबर पर बात की और उसके हालात को समझने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, वो शख्स बेहद तनाव में था। पुलिस ने पीड़ित की काउंसलिंग भी की और परिवार वालों को पूरी जानकारी दी।