- Advertisement -
नई दिल्ली। क्या आपने कभी इस बारे में सोचा है कि किसी वयस्क महिला और पुरुष के लिए आदर्श वजन (ideal weight) और आदर्श लंबाई (ideal hight) का पैमाना क्या हो सकता है। अगर नहीं, तो आज हम आपको इसी बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। दरअसल, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन ने देश में महिला और पुरूष के लिए आदर्श वजन में थोड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के अनुसार जहां महिला और पुरुष दोनों के लिए आदर्श वजन में पांच किलो की बढ़ोतरी की गई है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (National Institute of Nutrition) ने वयस्क भारतीय महिला और पुरुष के लिए आदर्श वज़न अब क्रमश: 55 किलोग्राम और 65 किलोग्राम कर दिया है। इसके अलावा महिला और पुरूष के लिए आदर्श लंबाई को लेकर भी कई बदलाव किए गए हैं।
पुरुष के लिए आदर्श लंबाई को 5 फुट 6 इंच से बढ़ाकर 5 फुट 8 इंच जबकि महिला के लिए 5 फुट से बढ़ाकर 5 फुट 3 इंच किया गया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन ने सोमवार को जारी अपनी रिपोर्ट में बताया कि भारतीयों के लिए पोषण आहार और अनुमानित औसत आवश्यकता की सिफारिशों को भी संशोधित किया गया है। देश में महिला और पुरुषों के रेफरेंस एज में भी बदलाव किया गया है। इसे 2010 के 20-39 की जगह अब 19-39 कर दिया गया है। वैज्ञानिकों ने बताया कि 1989 की विशेषज्ञ कमिटी ने केवल बच्चों और किशोरों का ही वजन और लंबाई को शामिल किया था। इसके अलावा 2010 की कमिटी ने केवल दस राज्यों के नमूने ही लिए थे।
इन मानकों में परिवर्तन वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि बीएमआई में इसलिए बदलाव किया गया है क्योंकि भारतीयों के पोषक खाद्य तत्वों के सेवन में बढ़ोतरी हुई है। इस साल के सर्वे में ग्रामीणों को भी शामिल किया गया है, जबकि दस साल पहले केवल शहरी इलाकों को ही शामिल किया गया था। 2020 में किया गया सर्वे अब तक किए गए सभी सर्वे में सबसे बड़ा है। इसमें वैज्ञानिकों के पैनल ने पूरे देश से डाटा लिया है। इसमें सभी संस्थानों के अध्ययन को शामिल किया गया है।
- Advertisement -