-
Advertisement
प्रदेश में भारी बारिश से 179 सड़कें बंद, पांच अगस्त तक सताएगा मौसम
Last Updated on July 30, 2020 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट (Orange alert) के बीच राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश (Rain) हुई है। भूस्खलन और भारी बारिश के चलते गुरुवार को प्रदेश की 179 सड़कें बंद हो गई हैं। जिसमें सबसे ज्यादा मंडी जोन की 129 सड़कें हैं। इसके अलावा कांगड़ा में 37, शिमला और हमीरपुर जोन में 6-6 सड़कें बंद रहीं। वहीं, भारी बारिश से प्रदेश में मक्की की फसल को नुकसान हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार और शनिवार को भी प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पांच अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें: Himachal में 34 फीसदी कम हुई बारिश, पहली अगस्त तक वर्षा-अंधड़ की चेतावनी
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी रहा। जिससे काफी नुकसान भी हुआ। मनाली-रोहतांग मार्ग पर पागलनाला में बाढ़ आने से कई वाहन फंस गए। रोहतांग दर्रे के साथ ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात होने से तापमान में गिरावट आई है। लारजी-सैंज मार्ग रात को छह घंटे बंद रहा। भूस्खलन व पत्थर गिरने से एक दर्जन के करीब मार्ग प्रभावित हुए हैं। हमीरपुर की टौणीदेवी तहसील में पहाड़ी दरकने से सारा मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे टौणीदेवी-कक्कड़ सड़क पर यातायात कई घंटे बंद रहा। प्रतापनगर में पानी लोगों के घरों में घुस गया। भोरंज तहसील कार्यालय के लिपिक कक्ष में बारिश का पानी घुस गया। हमीरपुर में गोशाला ढहने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। नादौन के साथ लगती बेला पंचायत के वार्ड दो में एक कच्चा स्लेटपोश मकान क्षतिग्रस्त हो गया। दो दिन में हुई बरसात के कारण तीन कमरों का मकान वीरवार सुबह धराशाई हो गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें: अरब सागर में हलचल से बढ़ी टेंशन, Delhi सहित 4 राज्यों में भारी बारिश का Alert
चंबा में आधा दर्जन मार्ग बंद तीसा.मंगली मार्ग पर तरेला पुल के पास सड़क का एक हिस्सा धंसने से निजी बस का पिछला टायर हवा में लटक गया। इससे बस में सवार 30 सवारियों की जान पर बन आई। भरमौर.पठानकोट एनएच गैहरा के पास धंसा मार्ग दो दिन बाद बड़े वाहनों के लिए सुचारु किया गया। कांगड़ा में धर्मशाला, दाड़ी, सकोह, गगल, कांगड़ा, के आसपास के अधिकतर हिस्सों में दोपहर तक लगातार बारिश हुई। खैरा में स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में बारिश का पानी घुस गया। बिलासपुर में बुधवार रात हल्की बारिश होने के बाद वीरवार को दिन भर मौसम साफ रहा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group