-
Advertisement
हिमाचल में बारिश के येलो अलर्ट के बीच बढ़ी ठंड, जाने कब विदा होगा मानसून
शिमला। हिमाचल में लगातर हो रही बारिश (Rain) से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ( Meteorological Department) के निदेशक के अनुसार प्रदेश के अधिकतर भागों में 24 सितंबर तक बारिश के आसार हैं। उन्होंने अगले 24 घंटों के दौरान शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। इन इलाकों में येलो अलर्ट (yellow alert) जारी किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में 25 सितंबर और उच्च पर्वतीय इलाकों में 24 सितंबर से मौसम साफ रहेगा। वहीं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आगामी 26 सितंबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर से बारिश में कमी आएगी और मानसून मंद पड़ जाएगा।
यह भी पढ़ें:मंडी: धर्मपुर के साहन गांव में लोगों पर टूटा ‘मुसीबतों का पहाड़’, डर के साए में बीती रात
बता दें कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते कई इलाकों में भारी बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के मैदानी एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों के बरसने से गर्मी के प्रकोप से निजात मिल रही है। वहीं, प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम ठंडा हो गया है। राजधानी शिमला के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं प्रदेश में बादल फटने से लाखों का नुकसान भी हुआ है।
पांवटा साहिब में सर्वाधिक 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों के दौरान पांवटा साहिब में सर्वाधिक 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, वहीं नाहन में 67, कसौली 50, नयना देवी 45, पच्छाद 20, नारकंडा 17, करसोग 16, गोहर व सुंदरनगर 11-11, रेणुका, कुमारसैन व बिलासपुर 10-10, बरठीं व कंडाघाट 9-9 और काहू व रामपुर में 8-8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शिमला में अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं सुंदरनगर में 26, भुंतर 25.1, कल्पा 17.6, धर्मशाला 25.8, नाहन 24.8, केलांग 17.1, पालमपुर 24.4, सोलन 26.5, मनाली 19, कांगड़ा 28.1, मंडी 25.2, बिलासपुर 25.1, हमीरपुर 24.6, चम्बा 28.3, डल्हौजी 17.9, कुफ री 18.3 और जुब्बड़हट्टी में 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।