- Advertisement -
शिमला। प्रदेश कांग्रेस में ब्लाक कांग्रेस कमेटियों की संख्या और बढ़ने वाली है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में गंभीरता से विचार हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में इसे हरी झंडी मिलने के बाद मामला हाईकमान को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी 7 नए संगठनात्मक ब्लॉकों का गठन करने जा रही है। इसमें नौहराधार, डोडरा क्वार, लड़भड़ोल, बालीचौकी और बिझडी़ शामिल हैं।
नौहराधार को राजगढ़ से अलग कर बनाया जाएगा। रोहड़ू विधानसभा हलके के डोडरा क्वार को चिढ़गांव से अलग किया जाएगा। लड़भड़ोल को जोगिंद्रनगर ब्लाक से अलग किया जाएगा, जबकि बालीचौकी को सराज ब्लाक कांग्रेस कमेटी से अलग किया जाएगा। इसके अलावा बिझड़ी को बड़सर से अलग कर नया ब्लाक बनाया जाएगा। ऐसा संगठन में और बेहतर कार्य करने और लोगों के बीच कांग्रेस की गतिविधियां बढ़ाने के मकसद से किया जा रहा है। इस समय संगठन में 85 ब्लाक हैं और मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ही 17 नए ब्लाक बनाकर इनकी संख्या को बढ़ाकर 85 किया था। इससे पहले संगठन में एक विधानसभा हलके पर एक ब्लाक हुआ करता था और शिमला हलके की इकाई को जिला का दर्जा दिया गया है। सुक्खू ने राज्य में संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए नए ब्लाक बनाने का फार्मूला निकाला था और इसका काफी विरोध भी हुआ था, लेकिन सुक्खू विरोध के बावजूद नए ब्लाक बनाने में सफल रहे थे।
अब फिर सुक्खू 7 नए ब्लाक बनाने जा रहे हैं और इस संबंध में संबंधित क्षेत्रों से प्रस्ताव भी आए हैं। अब इन प्रस्तावों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा होगी और वहां से प्रस्ताव पास होने के बाद इसे हाईकमान को भेजा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि संगठन के कामकाज में तेजी लाने और लोगों तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाने के लिए नए ब्लाक बनाने के प्रस्ताव आए हैं और इन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और जल्द ही पार्टी नेताओं से विचार विमर्श कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
- Advertisement -