- Advertisement -
मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से जुड़ी सारी प्रक्रिया लिपिबद्ध की जा रही है। इसे एक पुस्तक का रूप दिया जा रहा है, जिसमें महोत्सव के आयोजन का संपूर्ण ब्यौरा क्रमवार लिखा रहेगा। ये ‘मार्गदर्शिका’ आयोजकों के लिए एक संदर्भ पुस्तक के तौर पर उपयोगी होगी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्रवण मांटा ने यह जानकारी शुक्रवार को यहां देवता उप समिति की बैठक के उपरांत दी। बैठक में मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 के सफल आयोजन के साथ साथ ‘मार्गदर्शिका’ प्रकाशन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया और सफल आयोजन को लेकर बहुमूल्य सुझाव दिए।
श्रवण मांटा ने कहा कि मंडी शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से जुड़ी प्रक्रिया को लिपिबद्ध करने की जरूरत महसूस की जा रही थी, ताकि इसके आयोजन से जुड़े सभी पक्षों को महोत्सव की शुरूआत से समापन तक की सारी प्रक्रिया को जानने-समझने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने इस दिशा में काम करने को कहा था। सर्व देवता समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा और अन्य बुद्धिजीवियों के सहयोग से मार्गदर्शिका बनाई जा रही है जो वर्तमान के लिए तो उपयोगी होगी ही, ये दस्तावेज आने वाली पाढ़ियों के लिए भी महोत्सव के आयोजन में मददगार होगा। इसका प्रथम प्रारूप तैयार कर लिया गया है, सभी संबंधित पक्षों से चर्चा व सर्व देवता समाज समिति के अनुमोदन के उपरांत इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। सीएम जयराम ठाकुर शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर इस ‘मार्गदर्शिका’ का विमोचन करेंगे।
श्रवण मांटा ने कहा कि इस पुस्तक में शिवरात्रि महोत्सव में कब क्या किया जाता है, आयोजन में किसका क्या दायित्व रहता है, इसको लेकर गठित की जाने वाली समितियों, बैठकों की समय सारणी, देवताओं के निमंत्रण व महोत्सव में शामिल होने की प्रक्रिया, जलेब में चलने का क्रम, बैठने के स्थान सहित अन्य सभी जानकारियां क्रमवार लिखी जाएंगी।
- Advertisement -