-
Advertisement
Corona in India – अब तक 2,649 लोगों ने गंवाई जान, दिल्ली का आंकड़ा 8 हजार पार
Last Updated on May 15, 2020 by
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में करीब 4 हजार नए मामले सामने आए हैं और 97 लोगों की मौत हुई है। शुक्रवार को जारी स्वास्थ्य विभाग (Health Department) के ताजा अपडेट के मुताबिक, अब भारत में कोरोना मरीजों की कुल तादाद 81 हजार 970 हो गई है। इसमें से 2649 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 हजार 920 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी देश में 51 हजार 401 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना का कोहराम सबसे ज्यादा है। यहां मरीजों की संख्या 27 हजार के पार पहुंच गई है। मरने वालों की तादाद भी 1019 तक जा पहुंची है। वहीं, गुजरात में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा 9 हजार 591 तक जा पहुंचा है, जबकि मरने वाले मरीजों की तादाद 586 है।
यह भी पढ़ें: अप्रैल में Lockdown के दौरान 21 राज्यों को हुआ 971 अरब का घाटा; जानें Himachal को कितना
महाराष्ट्र के पुणे में छह की मौत, 194 नए मामले सामने आए
जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉक्टर भगवान पवार ने बताया कि पुणे जिले में गुरुवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण छह लोगों की मौत हो गई और 194 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 3426 हो गई है, जबकि अब तक जिले में 181 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के ऑटो चालक लॉकडाउन के दौरान काम की कमी के कारण अपने राज्यों की ओर जा रहे हैं। एक ऑटो चालक ने कहा कि, मैं पिछले ढाई महीनों से बिना काम के हूं। बिना पैसे के टिकना मुश्किल है। इसलिए मैं रांची, झारखंड लौट रहा हूं।
दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8 हजार को कर गया पार
दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8 हजार को पार कर गया है। मंत्रालय के अपडेट के मुताबिक, दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या 8 हजार 470 है, जिसमें 115 लोगों की मौत हो चुकी है। झारखंड के हजारीबाग में सिविल सर्जन डॉक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के छह और मामले सामने आए हैं। यह सभी मरीज विभिन्न राज्यों से लौटकर आए थे। हजारीबाग से आज कुल 8 मामले सामने आए हैं। झारखंड में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 203 हैं। तमिलनाडु में भी तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है।अब तक यहां 9 हजार 674 केस की पुष्टि हुई है, जिसमें 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्य प्रदेश में अब तक 4426 मामले सामने आए
वहीं, राजस्थान में अब तक 4534 कंफर्म केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 125 लोगों की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश में अब तक 4426 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 237 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब यहां मरीजों की संख्या 3902 हो गई है, जिसमें 88 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने पहुंचना शुरू किया
विभिन्न विशेष ट्रेनों से अपने घर वापस जाने वाले यात्रियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचना शुरू कर दिया है। भारतीय रेलवे के अनुसार, लगभग 2,34,411 यात्रियों ने विशेष ट्रेनों के लिए अब तक टिकट बुक किए हैं। लॉकडाउन के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने वाले रेल यात्रियों के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बस शटल सेवा शुरू की है। यात्रियों को शिवाजी स्टेडियम और अंबेडकर स्टेडियम पर उतार दिया जाता है, जहां से वो दूसरी बस लेते हैं। वहीं, कर्नाटक सरकार ने कहा है कि दूसरे राज्यों से आने वाले सभी लोगों को अनिवार्य रूप से 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रहना होगा। राज्य सरकार ने कहा है कि ऐसे लोग सरकार के छात्रावासों में मुफ्त में या फिर सरकार की ओर से निर्धारित होटलों में खुद शुल्क चुकाकर ठहर सकते हैं। इन सभी को 14 दिन यहां रहने के बाद ही अपने घर जाने की अनुमति दी जाएगी।