- Advertisement -
शिमला। आदर्श जेल कंडा से फरार हुए तीनों खूंखार कैदियों को कोर्ट ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने तीन दिन की कड़ी मशक्कत से बाद कल इन्हें दबोचा था और फिर बालुगंज थाना में लाया था। ये अंडर ट्रायल कैदी मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि कंडा जेल से फरार हो गए थे। इन कैदियों के भागने से कंडा जेल प्रशासन की किरकिरी हुई थी। क्योंकि जिस तरह से ये कैदी वहां से फरार हुए, उससे सुरक्षा की पोल भी खुली थी। लेकिन, इसके बाद एसपी सौम्या सांबसिवन की अगुवाई में चलाए गए सर्च ऑपरेशन और स्थानीय लोगों की ली गई मदद से ये तीनों फिर पुलिस के शिकंजे में आ गए। एक कैदी को सायरी के जंगल से पकड़ा गया था और उसके बाद उससे मिली सूचना पर बाकी दोनों को सुबाथु के साथ एक गांव के जंगल से पकड़ा गया।
इन तीनों कैदियों को आज कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने इन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब इन कैदियों से जेल से भागने को लेकर सारी जानकारी ली जाएगी और कैसे वे वहां से भागने में सफल रहे, इसकी पूरी जानकारी लेगी। गौर हो कि मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि कंडा जेल की बैरक नंबर 4 से तीन कैदी फरार हो गए थे। इन कैदियों में से दो कैदी रेप के मामले में और एक मर्डर के केस में वहां बंद थे। लीला धर नामक अंडर ट्रायल कैदी एक अक्टूबर 2015 से कंडा जेल में बंद था। जबकि प्रताप सिंह एक बच्ची से बलात्कार के जुर्म में जेल में था। वहीं, प्रेम बहादुर भी रेप के आरोप में 16 जुलाई 2015 से कंडा जेल में बंद था। अब इन तीनों को 11 दिसंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
- Advertisement -