- Advertisement -
नादौन। शहर में पागल कुत्ते (Mad Dog) ने घर में घुस कर एक लड़की पर हमला (Attack) कर दिया। इस हमले से बच्ची घायल हो गई। वहीं इस पागल कुत्ते ने दो अन्य व्यक्तियों पर भी हमला कर उन्हें घायल (Injured) किया है। रविवार सुबह से इस पागल कुत्ते के आतंक से हर कोई सहमा रहा।
हालांकि बाद में कुछ युवकों ने इसे घेर कर मार डाला। बता दें कि नादौन शहर के वार्ड चार में धनिष्ठा (13) पुत्री दिनेश्वर परिहार अपने घर में थी। इस दौरान अचानक इस कुत्ते ने घर में घुस कर पहले उनके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया और उसके बाद पास ही बरामदे में खड़ी बच्ची पर भी हमला कर दिया। इसके बाद यह कुत्ता शहर के पुराना बस अड्डा की ओर गया और वहां पर दो अन्य व्यक्तियों पर हमला कर दिया।
लोगों ने बताया कि रविवार सुबह सबसे पहले इस कुत्ते को अमतर क्रिकेट स्टेडियम में देखा गया। जहां इसने कई कुत्तों पर हमला करके उन्हें घायल किया। इसके बाद जहां भी इसके रास्ते में कोई भी जानवर आया उसे यह घायल करता चला गया। वहीं अब लोगों को इस कुत्ते द्वारा काटे गए अन्य कुत्तों और जानवरों के पागल होने का डर सता रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संबंध में उचित कदम उठाया जाए।
- Advertisement -