सस्ता गोल्ड खरीदने का आज आखिरी दिन, सोने पर मिल रही है छूट
Update: Friday, October 19, 2018 @ 3:11 PM
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में खरीदारी बढ़ने से सोना लगातार महंगा हो रहा है। इसके बावजूद अगर आप सोना खरीदना चाहते हैं तो सस्ते का ऑप्शन आपके पास है। सरकार के गोल्ड बांड में निवेश करने का शुक्रवार को आखिरी दिन है। इसमें सोने की खरीद पर भारी छूट मिल रही है। यही छूट अब 5 से 7 नवंबर के बीच भी लागू रहेगी।
गोल्ड बांड पर मिल रही है इतनी छूट
बाजार में सोने का भाव इस समय लगभग 3,200 रुपये प्रति ग्राम चल रहा है। लेकिन गोल्ड बांड पर यह कीमत 3,146 रुपये प्रति ग्राम है। अगर आप कैश की जगह
ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो आपको प्रति ग्राम 50 रुपये की छूट मिलेगी। यानी आप 3,096 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से सोना खरीद सकते हैं। न्यूनतम निवेश 1 ग्राम और अधिकतम सीमा 4 किलोग्राम की है। गोल्ड बॉन्ड की अवधि 8 साल है। आप इसे 5 साल में भी कैश करवा सकते हैं। इस पर आपको साल-दर-साल 2.5 परसेंट ब्याज भी मिलेगा। हालांकि, ब्याज से होने वाली आय पर आपको टैक्स भी चुकाना होगा।