- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम साफ रहा। मौसम खुलते ही प्रदेश भर में पर्यटकों (Tourist) का जमघट लगना शुरू हो गया। वहीं मनाली (Manali) से अटल टनल (Atal Tunnel) तक सड़क को भी बीआरओ ने यातायात के लिए बहाल कर दिया है। मंगलवार को मौसम साफ रहने पर सोलंगनाला से लेकर नॉर्थ पोर्टल तक सैकड़ों पर्यटक पहुंचे। पूरा दिन पर्यटक बर्फ के बीच अठखेलियां करते नजर आए। पर्यटकों (Tourist) ने सोलंगनाला, अटल टनल के साथ गुफा होटल और पागलनाला में बर्फ के बीच मौज-मस्ती की। सैलानियों ने ठंड की परवाह न करते हुए कुदरत के अद्भुत नजारों को अपने कैमरे में कैद किया। हालांकि कई पर्यटकों ने शीत मरुस्थल की वादियों को निहारने की चाह भी जताई, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए पर्यटकों को नर्सरी से आगे जाने की प्रशासन ने अनुमति नहीं दी।
बता दें कि अटल टनल की ख्याति देश-विदेश तक पहुंच चुकी है। शीघ्र ही अटल टनल की झांकी 26 जनवरी की परेड में भी देखने को मिलेगी। इन दिनों जितने भी सैलानी मनाली का रुख कर रहे हैं, उनकी जुबान पर अब रोहतांग दर्रा (Rohtang Pass) के स्थान पर अटल टनल का नाम है। पर्यटक सबसे पहले अटल टनल का दिदार करने पहुंच रहे हैं। उसके बाद वे अपना आगामी कार्यक्रम बना रहे हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई।
मैदानी जिलों में मंगलवार सुबह भी धुंध छाई रही। दोपहर बाद इन क्षेत्रों में धूप खिली। मौसम विभाग ने भी हिमाचल में 21 दिसंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान तापमान में कमी आने की संभावना भी है। प्रदेश में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है। मनाली और सोलन में न्यूनतम तापमान शून्य और धर्मशाला में एक डिग्री तक पहुंच गया है।
- Advertisement -