- Advertisement -
कांगड़ा। त्योहारी सीजन में मटौर बाईपास रोड़ को बंद करने पर कांगड़ा के व्यापारी (Kangra Trader) भड़क गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में कांगड़ा जिला प्रशासन (Kangra District Administration) का निर्णय कांगड़ा के व्यापार के हित में नहीं है और इस निर्णय पर कांगड़ा जिला प्रशासन दोबारा से विचार करे। व्यापारियों का सुझाव है कि प्रशासन को दिवाली के बाद या रात के समय टायरिंग के लिए मटौर बाईपास रोड को बंद करना चाहिए।
बता दें कि शनिवार को डीसी कांगडा राकेश कुमार प्रजापति ने इन्वेस्टर मीट के दृष्टिगत कांगड़ा बाईपास से मटौर रोड तक टायरिंग के कार्य के चलते 22 से 25 अक्टूबर 2019 तक मार्ग को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला कांगड़ा प्रशासन का निर्णय ऐसे समय में आया है जब त्योहारी सीजन को मात्र एक सप्ताह ही बचा है। ऐसे में मार्ग बंद होने से व्यापारियों को लाखों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। व्यापारियों का कहना है कि मटौर बाईपास मार्ग 25 अक्टूबर तक बंद रहेगा और 25 अक्टूबर को ही धनतेरस है। ऐसे में कांगड़ा में खरीददार कहां से आएंगे, जिसके चलते कांगड़ा जिला प्रशासन के इस निर्णय पर व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर दी है।
कांगड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा का कहना है कि व्यापारियों ने इस संबंध में उनसे संपर्क किया है और कल ही इस संबंध में जिला कांगड़ा दंडाधिकारी से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा नगर एक व्यवसायिक केंद्र है और ऐसे में त्योहारी सीजन में तीन दिनों के लिए मुख्य मार्ग को बंद कर देने से कांगड़ा का व्यवसाय ही चौपट हो जाएगा। इस संबंध में व्यापारियों का रोष बढ़ता जा रहा है और जिला प्रशासन ने अपने निर्णय पर विचार नही किया तो व्यापारियों का प्रशासन के साथ टकराव की स्थिति बन सकती है।
- Advertisement -