-
Advertisement
भारत बंद : दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम, पंजाब- हरियाणा में किसान सड़कों पर
Last Updated on September 27, 2021 by saroj patrwal
नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) द्वारा बुलाए गए भारत बंद के बीच, दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले किसानों पर नजर रखने के लिए सीमा पर बैरियर लगा दिए हैं। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर सुरक्षाकर्मियों की भारी मौजूदगी देखी गई। केंद्रीय बलों के अलावा दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस के जवानों ने सीमा पर बैरिकेडिंग कर रखी है। इसके चलते जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले दो लेन ही दिल्ली में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए खोले गए है। इस वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात की गति धीमी है। गुरुग्राम यातायात नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर और रजोकरी फ्लाईओवर के पास दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के कारण एक्सप्रेस-वे पर यातायात की गति धीमी है।
गाजीपुर बार्डर पर यातायात ठप
भारत बंद के दौरान सैकड़ों किसानों ने सोमवार को गाजीपुर सीमा पर विरोध किया और कानूनों को निरस्त करने की मांग की। अधिकांश प्रदर्शनकारियों ने आईएएनएस से कहा कि वे पिछले 10 महीनों से दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर गाजीपुर में बैठे हैं।मेरठ के 52 वर्षीय सूबा सिंह ने कहा कि मैं अन्य किसानों के साथ यहां बैठा हूं और हम तब तक नहीं हिलेंगे जब तक मोदी सरकार द्वारा इन तीन कानूनों को वापस नहीं लिया जाता।एक अन्य किसान, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी किशन पाल ने कहा कि आज, भारत में किसान, मजदूर और व्यापारी पीड़ित हैं। यह बिल ला कर हम सभी को पीएम नरेंद्र मोदी ने धोखा दिया है। ‘भारत बंद’ के मद्देनजर, दिल्ली यातायात पुलिस ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी के साथ राज्य की गाजीपुर सीमा की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने ट्वीट किया, “विरोध के कारण यूपी से गाजीपुर की ओर यातायात बंद कर दिया गया है।”
पंजाब, हरियाणा में सैकड़ों किसानों ने हाईवे जाम किया
किसानों ने दिल्ली को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 1 सहित प्रमुख राजमार्गो को अवरुद्ध कर दिया है। पंजाब और हरियाणा में यातायात बुरी तरह प्रभावित होने और कई घंटों तक बाधित होने की संभावना है क्योंकि किसान, खेत मजदूर, कमीशन एजेंट, ट्रेड और कर्मचारी संघ और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शाम 4 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैठे रहेंगे।प्रदर्शनकारी किसानों ने अपने ट्रैक्टर पंजाब और हरियाणा के राजमार्गों और प्रमुख लिंक सड़कों पर खड़े कर दिए हैं और सड़कों पर बैठ गए हैं।किसानों के विरोध को देखते हुए कानून और अन्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरियाणा और पंजाब में विभिन्न स्थानों पर भारी पुलिस बल देखा जा सकता है।पुलिस ने कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया, क्योंकि किसानों ने हाईवे जाम कर दिया है।हालांकि, राज्यों में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बंद से छूट दी गई है।’भारत बंद’ के मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि राज्य में लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है।
आईएएनएस